युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने वाला आरोपी चढ़ा हापुड़ पुलिस के हत्थे
हापुड़ - जनपद हापुड़ में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गढ़मुक्तेश्वर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मीरा की रेती क्षेत्र में युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को दबोच लिया है। गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
थाना गढ़मुक्तेश्वर प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि कुछ दिन पूर्व मीरा की रेती क्षेत्र में एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। घटना के बाद से ही पुलिस टीम मामले में संलिप्त आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रोहताश पुत्र श्यामलाल सिंह निवासी ग्राम गढ़ावली, थाना गढ़मुक्तेश्वर, जनपद हापुड़ को मीरा की रेती से नये गांव पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की सतर्कता ने उसकी मंशा पर पानी फेर दिया।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की गश्त और निगरानी और अधिक बढ़ा दी गई है।
पुलिस की इस कार्रवाई से जहां स्थानीय जनता में राहत का माहौल है, वहीं अपराधियों में हड़कंप की स्थिति बन गई है।

Post a Comment