नशीली लस्सी ससुराल वालों को पिलाकर,
शादी के 50 दिन बाद नवविवाहिता प्रेमी संग फरार
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, जेवरात व नकदी लेकर हुई रफूचक्कर
सुशील शर्मा
हापुड़ - जनपद हापुड़ के सरावा गांव में एक नवविवाहिता शादी के महज 50 दिन बाद प्रेमी के साथ फरार हो गई। ससुराल छोड़ने से पहले उसने पति समेत परिवार के सभी सदस्यों को लस्सी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे सभी बेहोश हो गए। इसके बाद घर में रखे जेवरात व नगदी समेटकर प्रेमी की बाइक पर सवार होकर फरार हो गई। पूरी घटना पड़ोसी के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पीड़ित परिवार की ओर से सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
रात में दी लस्सी, सुबह मिली होश उड़ाने वाली खबर
पीड़ित आरिफ ने बताया कि उसके भाई सलमान का निकाह 25 अप्रैल को लोनी निवासी युवती से हुआ था। शादी के बाद वह ससुराल में ही रह रही थी। शुक्रवार रात लगभग 10 बजे उसने परिवार के सभी सदस्यों को लस्सी बनाकर दी। लस्सी पीने के बाद सभी लोग बेहोश हो गए।
शनिवार सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो बहू घर से गायब थी। कमरे की तलाशी लेने पर पता चला कि अलमारी से जेवरात व नकदी भी गायब हैं।
सीसीटीवी में दिखी प्रेमी संग बाइक पर जाती हुई
रात करीब 1 बजे एक युवक बाइक से गांव पहुंचा था। सीसीटीवी फुटेज में युवक को विवाहिता के साथ बाइक पर सवार होकर जाते हुए साफ देखा जा सकता है।
शिकायत मिलने पर पुलिस ने विवाहिता और उसके अज्ञात प्रेमी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस जुटी जांच में, जल्द खुलासा होने की उम्मीद
सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि विवाहिता के फरार होने की सूचना मिली है। परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment