Top News

छिजारसी टोल प्लाजा पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 15 कुंतल मिलावटी पनीर नष्ट

News Expert - Ajay Verma 

हापुड़ - खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मंगलवार देर रात छिजारसी टोल प्लाजा पर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस बल के साथ संयुक्त चेकिंग अभियान के दौरान विभागीय टीम ने एक टाटा-407 वाहन से करीब 15 कुंतल संदिग्ध पनीर बरामद किया, जिसे अमरोहा से दिल्ली की ओर ले जाया जा रहा था।

प्रारंभिक जांच में पनीर मिलावटी और दुर्गंधयुक्त पाया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर ही दो नमूने भरकर जांच के लिए सुरक्षित किए। जांच के दौरान वाहन चालक ने खुलासा किया कि यह पनीर गजरौला स्थित न्यूरोन डेयरी के मालिक रफीक अहमद का है। अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए पनीर की बाजार कीमत लगभग साढ़े चार लाख रुपये आंकी गई है।

स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, टीम ने पुलिस की मौजूदगी में संपूर्ण 15 कुंतल पनीर को छिजारसी पुलिस चौकी के पीछे नष्ट कर दिया। विभाग का मानना है कि इस पनीर के बाजार में पहुंचने से जन स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता था। इस दौरान कार्रवाई का नेतृत्व सहायक आयुक्त (खाद्य) सुनील कुमार ने किया। उनके साथ मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सोमेदर सिंह, आर.पी. सिंह, प्रियंक श्रीवास्तव और आर.पी. गुप्ता सहित पुलिस बल मौजूद रहा।

अधिकारियों ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए मिलावटखोरों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। आने वाले दिनों में भी जिलेभर में इसी तरह की अभियानात्मक कार्रवाइयां जारी रहेंगी, ताकि आम जनता को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री मिल सके। खाद्य विभाग के एक अधिकारी ने कहा, “मिलावट करने वालों के खिलाफ अब किसी भी स्तर पर नरमी नहीं बरती जाएगी। जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई तय है।”







Post a Comment

Previous Post Next Post