News Expert - Sushil Sharma
गढ़मुक्तेश्वर - त्योहारों से पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा कसते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सोमवार देर रात गढ़मुक्तेश्वर में बड़ी कार्रवाई की। टीम ने नेशनल हाईवे-9 पर अठसैनी के पास एक ढाबे के समीप खड़ी बोलेरो पिकअप से करीब 12 कुंतल मिलावटी पनीर बरामद किया। बरामद पनीर की बाजार कीमत लगभग 3 लाख 24 हजार रुपये आंकी गई है।
जानकारी के मुताबिक खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना मिली थी कि अमरोहा से हापुड़ की ओर भारी मात्रा में संदिग्ध पनीर भेजा जा रहा है। सोमवार देर रात टीम ने निगरानी शुरू की और अठसैनी क्षेत्र में एक ढाबे के पास खड़ी बोलेरो पिकअप को रोका गया। बताया गया कि चालक वहां खाना खाने के लिए रुका था, तभी टीम ने वाहन की तलाशी ली।
जांच के दौरान वाहन से भरे टिन और डिब्बों में रखा पनीर प्रथम दृष्टया मिलावटी और दुर्गंधयुक्त पाया गया। मौके पर मौजूद टीम ने तुरंत नमूने लेकर जांच हेतु भेजे और शेष पनीर को जेसीबी मशीन की सहायता से गड्ढा खोदकर नष्ट कर दिया। कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय सुनील कुमार ने बताया कि दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाईदूज जैसे त्योहारों को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस छापेमारी में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी आर.पी. गंगवार और प्रियंक श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। विभागीय सूत्रों के अनुसार आने वाले दिनों में जिले के प्रमुख बाजारों, मिठाई दुकानों और डेयरी इकाइयों पर भी इसी तरह की आकस्मिक जांच अभियान चलाया जाएगा। टीम ने मौके पर मिलावटी पनीर को पूरी तरह नष्ट कर दिया ताकि त्योहारों के दौरान यह किसी भी रूप में बाजार तक न पहुंच सके।















Post a Comment