Top News

हापुड़ में आयकर टीम की दूसरी दिन भी तीव्र कार्रवाई; मीट कारोबारी व कर वकील के ठिकानों पर दस्तावेज जब्त


News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़ - दिल्ली से आई आयकर विभाग की विशेष टीम ने हापुड़ में सोमवार को शुरू हुए छापों को मंगलवार को भी जारी रखा। विभाग ने मीट व्यापार से जुड़े कई स्थानों पर गहन तलाशी ली और व्यापारिक व वित्तीय दस्तावेज जब्त किए। आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि जांच में बड़े स्तर पर कर चोरी और अनियमितताओं के सुराग मिलने की आशंका जताई जा रही है।

अधिकारियों ने छापेमारी के प्रमुख ठिकानों में बुलंदशहर रोड स्थित मीट व्यवसायी हाजी यासीन का प्रतिष्ठान, आवास विकास कॉलोनी में दाना व्यापारी असलम कुरैशी का घर, श्रीनगर स्थित हापुड़ टैक्स अधिवक्ता आवास शामिल बताया। टीम ने पहुंचते ही मोबाइल फोन जब्त कर दिए और परिसरों के गेटों पर ताले लगवा कर अंदर-बाहर आवागमन रोक दिया गया।

जांच दल ने व्यापारिक रिकॉर्ड, खातों व संबंधित कागजातों की बारिकियों से तलाशी ली। कहा जा रहा है कि इस दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी हिरासत में लिए गए हैं। दूसरे दिन भी टीम ने किसी को अंदर या बाहर जाने की अनुमति नहीं दी और मामले की लीपापोती रोकने को प्राथमिकता दी गई।

मिली जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश में मीट कारोबार के खिलाफ चल रहे व्यापक अभियान का हिस्सा है। संभल, बरेली, खुर्जा और हापुड़ में आयकर, जीएसटी, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) व सीबीआई की संयुक्त टीमें एक साथ काम कर रही हैं। बताया गया है कि चार जिलों में 70 से अधिक गाड़ियों में सवार अधिकारियों ने एक साथ रेड की है।

संभल में हाजी रिजवान व इरफान के ठिकानों पर भी छापे पड़े हैं और वहां भारी पुलिस बल तैनात है। बरेली के 'मार्या फ्रोजन' स्लॉटर हाउस से भी अहम दस्तावेज बरामद किए जाने की खबर है। साथ ही हाजी यासीन की गाजियाबाद स्थित मीट फैक्टरी पर भी टीम ने जांच की है।

आधिकारिक स्तर पर अभी तक इस मामले में किसी गिरफ्तारी की सूचना सार्वजनिक नहीं की गई है, जबकि छानबीन और दस्तावेजों की पड़ताल जारी है। विभागीय स्रोतों का कहना है कि जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्यवाही तय की जाएगी।










Post a Comment

Previous Post Next Post