भाजपा झंडा लगी फॉर्च्यूनर से निकले दो अवैध तमंचे, थाना प्रभारी नीरज कुमार ने दिखाई ‘सिंघम’ स्टाइल
सुशील शर्मा
गढ़मुक्तेश्वर। पुलिस की सख्ती और सच्ची नीयत जब एक साथ काम करती है, तो कानून के नाम पर रोब दिखाने वालों की भी हेकड़ी उतर जाती है। कुछ ऐसा ही हुआ गढ़मुक्तेश्वर में, जब थाना प्रभारी नीरज कुमार ने ऑपरेशन शस्त्र के तहत एक हाई-प्रोफाइल फॉर्च्यूनर कार को रोका और उसमें बैठे खुद को भाजपा नेता बताने वाले दो कथित नेताओं से अवैध हथियार बरामद कर पूरे जनपद में सनसनी फैला दी।
घटना शुक्रवार की बताई जा रही है जब थाना प्रभारी नीरज कुमार चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान भाजपा का झंडा लगी हुई एक फॉर्च्यूनर कार तेज रफ्तार में भोकाल बनाते हुए पहुंची। कार को रोकने पर उसमें सफेदपोश दो व्यक्ति बैठे मिले, जिन्होंने खुद को भाजपा नेता बताया और रौब गांठने की कोशिश की। लेकिन नीरज कुमार किसी के दबाव में झुकने वाले नहीं हैं। उन्होंने न केवल कार की तलाशी ली, बल्कि दोनों को नीचे उतारकर कड़ाई से पूछताछ की।
तलाशी में कार से दो अवैध तमंचे मय कारतूस बरामद हुए। इसके बाद तो दोनों की बोलती बंद हो गई और ‘नेता’ वाली हेकड़ी हवा हो गई। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर थाने लाया और विधिवत पूछताछ शुरू कर दी।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने झाड़ा पल्ला
मामला सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया। देखते ही देखते भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश तोमर का वीडियो वायरल हो गया, जिसमें उन्होंने स्पष्ट किया कि गिरफ्तार दोनों व्यक्तियों का भाजपा से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कार पर झंडा लगाने की जांच कराने की बात भी कही।
मोबाइल दुकानदार से ठगी, फिर दी धमकी
जांच में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पीड़ित राहुल शर्मा नामक मोबाइल दुकानदार ने आरोप लगाया कि संजीव यादव नामक अभियुक्त ने एक लाख पचास हजार रुपये का मोबाइल फोन सिर्फ एक हजार में ले जाकर बाकी पैसे बाद में देने की बात कही थी, लेकिन फिर जान से मारने की धमकी देने लगा। पीड़ित ने जब थाना प्रभारी नीरज कुमार से शिकायत की, तब कार्रवाई की पूरी पटकथा शुरू हुई।
थाना प्रभारी बने जनता के हीरो
थाना प्रभारी नीरज कुमार की इस कार्रवाई की सराहना जनपद भर में हो रही है। कानून के नाम पर झूठे रोब और झंडे-डंडे का इस्तेमाल करने वालों को सबक सिखाते हुए नीरज कुमार ने यह साबित कर दिया कि कानून सबके लिए बराबर है।
मुकदमा दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी
गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी नीरज कुमार ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कितने भी रसूख वाला क्यों न हो।







Post a Comment