Top News

रेस्तरां में इश्क़, सड़क पर तमाशा, पति प्रेमिका संग रंगेहाथों पकड़ा, पत्नी ने कर दी प्रेमिका की पिटाई


News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़ - पिलखुवा क्षेत्र में एक रेस्तरां में उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक महिला ने अपने पति को प्रेमिका के साथ दाल मखनी का स्वाद लेते रंगेहाथों पकड़ लिया। पति की बेवफाई से आहत महिला ने पहले सड़क पर हंगामा किया, फिर प्रेमिका की जमकर पिटाई कर दी। मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने ले जाकर पूछताछ की और शांति भंग में कार्रवाई की।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिलखुवा निवासी युवक हाईवे किनारे बने एक रेस्तरां में भोजपुर क्षेत्र की महिला के साथ भोजन कर रहा था। इस दौरान वह दाल मखनी का स्वाद ले रहा था कि तभी उसकी पत्नी वहां पहुंच गई। बताया गया है कि महिला काफी देर से पति का पीछा कर रही थी और मौका देखकर सीधे रेस्तरां में जा धमकी।

जैसे ही पत्नी ने पति को प्रेमिका के साथ देखा, वह गुस्से से लाल हो गई। भीड़ के बीच वह जोर-जोर से चिल्लाते हुए बोली, "घर पर तो सब्जी में नमक कम बताता है, और यहां दाल मखनी का मजा ले रहा है!" पति ने स्थिति बिगड़ते देख भागने में ही अपनी भलाई समझी और मौके से रफूचक्कर हो गया।


पत्नी ने प्रेमिका को दबोच लिया और गुस्से में उसकी पिटाई शुरू कर दी। राहगीरों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन तब तक मामला तूल पकड़ चुका था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की।

पीड़ित पत्नी ने बताया कि वह पिछले दो महीने से अपने पति को समझा रही थी कि वह उस महिला से दूर रहे, लेकिन प्रेमिका ने उसका घर तोड़ने की कोशिश की। महिला का आरोप है कि उसका पति आए दिन बहाने बनाकर घर से गायब हो जाता है और इसी महिला के साथ वक्त बिताता है।

सीओ अनीता चौहान ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों को थाने लाया गया है। पूछताछ के बाद दोनों के खिलाफ शांति भंग की धारा में कार्रवाई की जा रही है।






Post a Comment

Previous Post Next Post