News Expert - Ajay Verma
पिलखुवा के मोहल्ला कृष्ण गंज में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त छापेमारी में लाखों रुपये कीमत के विभिन्न ब्रांड के पटाखे बरामद किए गए। एसडीएम मनोज कुमार और सीओ अनीता चौहान के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार की टीम ने दो-तीन मकानों और गोदामों में तलाशी लेकर भारी मात्रा में बम, रॉकेट, अनार, फुलझड़ियाँ व अन्य विस्फोटक सामग्री जब्त की। मौके पर मौजूद युवक कपिल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस सूत्रों ने जानकारी दी कि प्रारंभिक सूचना के आधार पर मोहल्ले में निवासी अनील गुप्ता के घरों में पटाखों का अवैध भंडारण हो रहा था। छापेमारी के दौरान कमरों और गोदामों से सैकड़ों पैकेट व डिब्बों में पैक कई प्रकार के पटाखे बरामद हुए।जिनकी बाजार कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। मौके पर किसी भी प्रकार का वैध लाइसेंस या स्टोरेज अनुमति नहीं मिली।
एसडीएम मनोज कुमार ने कहा कि “यह स्थान घनी आबादी वाले क्षेत्र में आता है। इतने बड़े पैमाने पर पटाखों का भंडारण किसी भी समय बड़ा हादसा पैदा कर सकता था। हमें सूचना मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई करनी पड़ी।” सीओ अनिता चौहान ने बताया कि पटाखों की गिनती जारी है और बरामद माल की शिनाख्त के लिए विशेषज्ञों को बुलाया गया है।
पुलिस के अनुसार, बरामद पटाखों को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर उसे नष्ट करने की कार्रवाई की जाएगी या संबंधित विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार आगे की कारवाई की जाएगी। कपिल से पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पटाखों की आपूर्ति कहां से होती थी और किन-किन लोगों के साथ इस अवैध भंडारण का सम्बन्ध है। आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक सामग्री अधिनियम तथा संबंधित आपराधिक धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि उन्होंने पिछले कुछ दिनों से इन घरों में भारी आवाजाही और संदिग्ध गतिविधि देखी थी, पर किसी ने ठोसरूप से इसकी सूचना प्रशासन को नहीं दी थी। एक स्थानीय निवासी ने कहा, “यदि रात के समय कोई चिंगारी लग जाती तो पूरा मोहल्ला जल सकता था। शुक्र है कि समय रहते पकड़ा गया।”
पुलिस प्रशासन ने इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है और अन्य संदिग्ध ठिकानों की भी तलाशी के संकेत दिए हैं। एसपी का कहना है कि त्योहारों के दौरान अवैध पटाखों के कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।















Post a Comment