Top News

सुबह-सुबह बिजली चोरों पर छापा, पांच घरों में 19 लाख की चोरी पकड़ी


News Expert - Ajay Verma 

हापुड़ - ऊर्जा निगम की टीम ने सुबह सुबह पिलखुवा क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान अलग-अलग घरों में एसी और कूलर सीधी कटिया डालकर चलाए जा रहे थे। टीम ने पांच उपभोक्ताओं पर शिकंजा कसते हुए लगभग 19 लाख रुपये की बिजली चोरी पकड़ ली। सभी मामलों में एंटी पावर थेफ्ट थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।


रंगे हाथ दबोचा उपभोक्ता

अधीक्षण अभियंता एसके अग्रवाल ने बताया कि आर्यनगर में एक उपभोक्ता मीटर को बायपास कर पड़ोसी की छत से सीधे तार जोड़कर बिजली खींच रहा था। टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगे हाथ दबोच लिया।

चार किलोवाट की चोरी, टीम से की अभद्रता

इसी मोहल्ले में एक घर में चार किलोवाट की सीधी चोरी मिली। वहीं पास ही एक अन्य मकान में जब टीम ने दरवाजा खटखटाया तो परिवार ने जांच से इनकार करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद टीम ने पड़ोसी की छत से जाकर जांच की तो करीब छह किलोवाट की चोरी पकड़ी गई।


कटिया और मीटर बाईपास से खेला जा रहा था खेल

कार्रवाई के दौरान एक घर में कटिया डालकर 3.5 किलोवाट और दूसरे परिसर में मीटर बाईपास कर साढ़े तीन किलोवाट की चोरी पकड़ी गई। अधिकांश घरों में एसी और कूलर चोरी की बिजली से चलाए जा रहे थे।

ऊर्जा निगम अधिकारियों का कहना है कि जिन उपभोक्ताओं पर चोरी की पुष्टि हुई है, उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है और आगे भी इस तरह की छापेमारी अभियान जारी रहेगा।







Post a Comment

Previous Post Next Post