Top News

शराब की दुकान में घुसा एशिया का सबसे जहरीला सांप रसल वाइपर मचा हड़कंप


News Expert - Sushil Sharma 

गढ़मुक्तेश्वर। नगर में उस समय हड़कंप मच गया, जब शराब ठेके के अंदर अचानक एशिया के सबसे जहरीले सांपों में शुमार रसल वाइपर निकल आया। सांप को देखते ही ठेके पर मौजूद लोग घबराकर बाहर की ओर भाग खड़े हुए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शराब खरीद रहे कुछ लोग अचानक ठेके के एक कोने से सरसराहट की आवाज सुनकर चौकन्ने हुए। तभी अंधेरे में लिपटा एक बड़ा सांप नजर आया। पास जाकर देखा तो वह रसल वाइपर था। इसकी पहचान होते ही लोगों में दहशत फैल गई। आनन-फानन पुलिस व वन विभाग को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद रसल वाइपर को सुरक्षित पकड़ लिया। टीम ने बताया कि यह प्रजाति एशिया के सबसे जहरीले सांपों में गिनी जाती है और इसके काटने से तत्काल इलाज न मिले तो जानलेवा साबित हो सकता है।

स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली कि सांप को समय रहते पकड़ लिया गया, वरना बड़ी अनहोनी हो सकती थी। इधर, शराब ठेके के कर्मचारियों ने दुकान में सुरक्षा और सफाई व्यवस्था को लेकर चिंता जाहिर की।

वन विभाग अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में सांप अक्सर बाहर निकल आते हैं, ऐसे में सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत सूचना दें।








Post a Comment

Previous Post Next Post