News Expert - Sushil Sharma
मेरठ - दीपावली से पहले मेरठ रेंज की पुलिस ने पटाखों के अवैध भंडारण और बिक्री के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। रेंज के विभिन्न जिलों में चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 37 मुकदमों में 53 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से करोड़ों रुपये मूल्य के अवैध पटाखे और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।
डीआईजी मेरठ रेंज ने इस सघन अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि दीपावली के अवसर पर किसी भी प्रकार की दुर्घटना या आगजनी की घटनाओं को रोकना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पुलिस, अग्निशमन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह हाई अलर्ट मोड पर हैं।
डीआईजी मेरठ रेंज की अपील
डीआईजी ने जनता से अपील की कि यदि कहीं भी अवैध रूप से पटाखों का भंडारण या बिक्री की जा रही हो तो तुरंत 112 या 101 नंबर पर कॉल कर इसकी सूचना दें। उन्होंने कहा “हमारी अग्निशमन की गाड़ियां 24 घंटे तैयार हालत में रहेंगी। सभी जिलों के अस्पतालों में भी आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए उचित व्यवस्था की गई है।”
सख्त निर्देश आबादी क्षेत्रों में न हो बिक्री
डीआईजी ने साफ निर्देश दिए हैं कि पटाखों की बिक्री केवल आबादी से दूर निर्धारित स्थलों पर ही की जाए। किसी भी हाल में फुटकर बिक्री या भीड़भाड़ वाले इलाकों में स्टॉल लगाने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि “अग्नि सुरक्षा सर्वोपरि है, किसी की लापरवाही पूरे मोहल्ले या बाजार को खतरे में डाल सकती है।
पुलिस का सघन अभियान जारी
मेरठ रेंज के सभी जिलों मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, बागपत और गाजियाबाद में पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से अभियान चलाया जा रहा है। हापुड़ जिले में हाल ही में अवैध पटाखों की बिक्री के मामलों में कई गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दीपावली तक अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध रूप से पटाखे बेचने या भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।















Post a Comment