News Expert - Sushil Sharma
हापुड़ - नगर कोतवाली क्षेत्र के फ्री गंज रोड पर सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ट्यूशन जा रहे दो स्कूली छात्र गुटों के बीच मामूली कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। दोनों ओर से लात-घूसे चले और एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर राहगीरों ने बीच-बचाव करते हुए घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ छात्र साइकिल और बाइक से ट्यूशन जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में हल्की सी टक्कर लगने या बात पर तकरार हो गई। देखते ही देखते दोनों गुट आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी, फिर धक्का-मुक्की और फिर मारपीट शुरू हो गई। कुछ छात्रों ने ईंट-पत्थर तक उठा लिए।
राहगीरों ने जब छात्रों को आपस में भिड़ते देखा तो बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन छात्र इतने उग्र थे कि किसी की बात नहीं सुनी। इसी बीच एक छात्र को सिर पर चोट लग गई, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना की सूचना फैलते ही मौके पर भारी भीड़ इकट्ठी हो गई। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छात्रों को तितर-बितर किया। घायल छात्र को राहगीरों की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
नगर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि झगड़े में शामिल छात्रों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्कूल और अभिभावकों को भी सतर्क किया जा रहा है कि छात्र आपसी विवादों को बढ़ावा न दें।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फ्री गंज रोड पर ट्यूशन समय में छात्रों का जमावड़ा आम बात है। अक्सर उनमें नोकझोंक होती रहती है, लेकिन अब स्थिति गंभीर रूप ले चुकी है। अभिभावकों और स्कूलों को चाहिए कि बच्चों पर निगरानी रखें ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।













Post a Comment