Top News

जेएमएस खेल संगम के दूसरे दिन मैदान में गूंजा जोश, कविता ने भरा खिलाड़ियों में उत्साह


News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़। जेएमएस वर्ल्ड स्कूल में चल रहे ‘जेएमएस खेल संगम इंटर स्कूल स्पोर्ट्स प्रतियोगिता’ का दूसरा दिन पूरे जोश और उमंग के साथ खेल भावना से सराबोर रहा। दिनभर मैदान में खिलाड़ियों की ऊर्जा और दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। दूसरे दिन वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें 30 से अधिक टीमों ने भाग लेकर शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वॉलीबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र सिंह औलख, जिला उप क्रीड़ाधिकारी अरुणा, जिला व्यायाम शिक्षक मनप्रीत खैरा और कवि विकास त्यागी ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। प्रबंध निदेशक डॉ. आयुष सिंघल एवं प्रधानाचार्य डॉ. निधि मलिक ने सभी अतिथियों का स्वागत सम्मानपूर्वक किया।

मुख्य अतिथि अरुणा ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सबसे सशक्त जरिया हैं। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे खेलों में दिल लगाकर भाग लें और अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा दें। वहीं, डॉ. राजेंद्र सिंह औलख ने पुराने समय की कठिनाइयों को याद करते हुए कहा कि “अब बच्चों के पास आधुनिक सुविधाएँ हैं, जिनका लाभ उठाकर वे राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकते हैं।

कार्यक्रम का सबसे प्रेरणादायक पल तब आया जब कवि विकास त्यागी ने खिलाड़ियों को समर्पित अपनी प्रसिद्ध कविता का पाठ किया। जोश से भरे उनके शब्दों ने पूरा मैदान गूंजा दिया — दर्शक और प्रतिभागी तालियों की गड़गड़ाहट से उनका अभिवादन करते नजर आए।

स्पोर्ट्स निदेशक दीपांशु गर्ग ने बताया कि अंडर-16 बालक वर्ग में बाबा इंटरनेशनल स्कूल गाजियाबाद विजेता रहा, जबकि जेएमएस वर्ल्ड स्कूल हापुड़ उपविजेता रही। वहीं, अंडर-19 बालिका वर्ग में जेएमएस वर्ल्ड स्कूल हापुड़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, और सेंट एंथोनी स्कूल हापुड़ उपविजेता रही। निर्णायक मंडल में रविन्द्र सिंह, लोकेश तोमर, निशांत, अमित प्रताप, अंकुर, गीता त्यागी और प्रिंस शामिल रहे। मंच संचालन हिमांशु वैद्य ने कुशलता से किया।











Post a Comment

Previous Post Next Post