Top News

सर्राफा कर्मचारी की हत्या का खुलासा - चोरी के शक में की थी हत्या, हापुड़ पुलिस ने 4 हत्यारोपियों को किया गिरफ्तार, डंडे और स्कूटी बरामद


News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़ - थाना हापुड़ नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कमल वर्मा हत्या कांड का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या की वारदात में शामिल चार हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो डंडे (आलाकत्ल) और एक स्कूटी बरामद की है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने चोरी के शक में कमल वर्मा की बेरहमी से पिटाई की थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी।

थाना हापुड़ नगर पुलिस ने बताया कि हत्या की घटना में संलिप्त चारों आरोपी ग्राम असौड़ा से गिरफ्तार किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में नितिन पुत्र हेमचंद गोयल, हेमचंद गोयल पुत्र ब्रजमोहन लाल (दोनों निवासी राधापुरी, रेलवे रोड, थाना हापुड़ नगर), सचिन कुमार पुत्र सुरेश चंद निवासी टियाला थाना हापुड़ देहात तथा सौरभ पुत्र नवाब निवासी गौहरा आलमगीरपुर थाना बाबूगढ़ शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि घटना में प्रयुक्त दो डंडे और एक स्कूटी (UP15 CM 5486) बरामद की गई है। यह वही स्कूटी है, जिसका उपयोग आरोपी वारदात के दिन मौके पर आने और भागने के लिए कर रहे थे। मामला थाना हापुड़ नगर के मु.अ.सं. 631/2025, धारा 103(1), 328 बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था। पुलिस की टीम ने लगातार तलाश कर अभियुक्तों को चिन्हित किया और बुधवार को दबिश देकर सभी को गिरफ्तार कर लिया।

एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि हत्या का कारण चोरी का संदेह था। मृतक कमल वर्मा पर आरोपियों ने चोरी का शक किया था, जिसके चलते उन्होंने उसे पकड़ा और डंडों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की “कानून हाथ में लेने की मानसिकता” को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और आगे की विवेचना जारी है। स्थानीय लोगों ने हापुड़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की और कहा कि “समय पर की गई इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है।”












Post a Comment

Previous Post Next Post