Top News

कुख्यात हिस्ट्रीशीटर सरताज अली का मिला शव, हत्या, हादसा या आत्महत्या पर संशय


News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़ - जनपद हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब गांव शरीकपुर के पास स्थित रजवाहे में एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया तो पहचान मेरठ जिले के मुंडाली थाना क्षेत्र के जिसौरा गांव निवासी 46 वर्षीय सरताज अली के रूप में हुई, जो अपने क्षेत्र का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। सरताज अली बीते 10 दिनों से लापता था। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि यह मामला हत्या, हादसे या आत्महत्या में से कौन-सा है।

पुलिस को रविवार सुबह शरीकपुर गांव के जंगल में रजवाहे में एक शव दिखाई देने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची सिंभावली थाना पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला। शुरुआती जांच में शव की तत्काल शिनाख्त नहीं हो सकी। इसके बाद आसपास के थानों से संपर्क किया गया। पहचान होने पर खुलासा हुआ कि मृतक सरताज अली मेरठ का हिस्ट्रीशीटर अपराधी था।

सूचना मिलते ही परिजन हापुड़ पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे तो रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के अनुसार सरताज के चार बेटे और तीन बेटियां हैं। उसका एक बेटा पिछले साल नौकरी के सिलसिले में विदेश गया था। सरताज के लापता होने के बाद परिवार ने मुंडाली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो पाएगी। फिलहाल पुलिस हत्या, दुर्घटना और आत्महत्या, तीनों पहलुओं से जांच कर रही है।











Post a Comment

Previous Post Next Post