Top News

प्रेम जाल में उलझी मां, मासूमों को घर छोड़ युवक के साथ हुई रवाना, बेटी ने पुलिस से लगाई गुहार

 


News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़ - शहर कोतवाली क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया जिसने हर किसी को चौंका दिया। एक महिला अपने छोटे-छोटे बच्चों को घर पर छोड़कर एक युवक के साथ चली गई। मामले का खुलासा उस समय हुआ जब महिला की बड़ी बेटी ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी और बताया कि एक युवक उसकी मां को जबरदस्ती बाइक पर बैठाकर ले गया है।

बेटी ने बताया कि यह घटना बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के कुचेसर रोड चौपला की है। आरोपी युवक की पहचान मीनू के रूप में हुई है, जो पहले भी महिला को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जा चुका है और करीब चार वर्ष तक अपने पास रखे रहा था।

बेटी का कहना है कि इस दौरान पूरे परिवार ने सामाजिक अपमान और मानसिक तनाव झेला, और अब जब मां दोबारा उसी युवक के साथ चली गई है, तो घर में मौजूद छोटे भाई-बहन बेसहारा रह गए हैं।

डायल 112 पर दी गई सूचना, पुलिस ने तत्काल दर्ज किया मुकदमा

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तुरंत पुलिस सहायता के लिए डायल 112 पर कॉल किया। शहर कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी युवक मीनू के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है।


कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि महिला की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही, परिजनों से भी पूछताछ कर पूरी स्थिति की जांच की जा रही है।

घटना ने खड़े किए कई सवाल

यह मामला केवल एक महिला की निजी ज़िंदगी का नहीं, बल्कि घरेलू ताने-बाने, बच्चों की सुरक्षा, और महिलाओं की सामाजिक चेतना से जुड़े कई गंभीर प्रश्न खड़े करता है। एक बार पहले भी जिस व्यक्ति के साथ महिला रह चुकी थी, उसका पुनः आकर उसे साथ ले जाना, परिवार के लिए किसी सदमे से कम नहीं है।

पुलिस ने आश्वस्त किया है कि महिला और युवक को शीघ्र ही बरामद कर विधिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फिलहाल, पुलिस की प्राथमिकता दोनों की तलाश और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।






Post a Comment

Previous Post Next Post