Top News

सड़क हादसे में छात्र की दर्दनाक मौत, परिजनों ने लगाया जाम, थाने पर हंगामा

 


News Expert - Sushil Sharma 

सिंभावली/हापुड़ - थाना क्षेत्र के लिसड़ी गांव के रहने वाले एक युवक की सिंभावली में नहर पुल के पास सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। युवक पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था और रोजाना कोचिंग के लिए आता था। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजनों ने थाने के बाहर हंगामा कर दिया और पुराना नेशनल हाईवे पर जाम भी लगा दिया। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए शव परिजनों को सौंप दिया और जांच शुरू कर दी है।

नल से पानी पीने जा रहा था छात्र, अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

गांव लिसड़ी निवासी अमरपाल का 21 वर्षीय बेटा आकाश पुलिस भर्ती की तैयारी में जुटा था। रविवार को वह रोज की तरह सिंभावली क्षेत्र स्थित कोचिंग सेंटर में पढ़ाई के लिए गया था। दोपहर को लंच ब्रेक के दौरान वह सड़क पार कर नहर किनारे लगे सरकारी नल से पानी पीने जा रहा था, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आए एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। सिर में गंभीर चोट लगने से छात्र की मौके पर ही मौत हो गई।

शव ले गए बिना पोस्टमार्टम, परिजनों का थाने पर प्रदर्शन

घटना की सूचना मिलते ही आकाश के परिजन मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित परिजनों ने थाने के बाहर हंगामा किया और आरोपी वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हाईवे पर जाम भी लगा दिया। इस दौरान गम और गुस्से में डूबे परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से भी इनकार कर दिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने शव को मोर्चरी से वापस बुलाकर परिजनों को सौंप दिया।


जाम के दौरान ग्रामीण की बाइक चोरी

हंगामे और भीड़भाड़ के बीच गांव लिसड़ी निवासी सुहैल की बाइक भी चोरी हो गई। थानाध्यक्ष सुमित तोमर ने बताया कि मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई है और तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया गया है।

गांव में पसरा मातम

घटना के बाद लिसड़ी गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। आकाश की असामयिक मृत्यु से ग्रामीणों और साथियों में भी गहरी पीड़ा है। वहीं परिजन अभी भी सदमे में हैं और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।


Post a Comment

Previous Post Next Post