पांच से ज्यादा चालान और जुर्माना नहीं चुकाया? अब जब्त होगी आरसी और रद्द होगा लाइसेंस
3 लाख वाहनों और 58 हजार चालकों की सूची तैयार, प्रदेश भर में शुरू हुई सख्त कार्रवाई
न्यूज एक्सपर्ट - सुशील शर्मा
लखनऊ - सड़क पर नियम तोड़ना अब भारी पड़ सकता है। ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग मिलकर अब उन वाहन चालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की तैयारी में हैं, जिन्होंने बार-बार चालान कटवाने के बावजूद अब तक जुर्माना नहीं चुकाया है। ऐसे मामलों में वाहन की आरसी (रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट) ब्लैकलिस्ट की जा रही है और ड्राइविंग लाइसेंस को निरस्त करने की प्रक्रिया तेज़ कर दी गई है।
यातायात निदेशालय द्वारा इस संबंध में 3.01 लाख वाहनों और 58,893 ड्राइविंग लाइसेंस धारकों की सूची तैयार कर परिवहन विभाग को भेज दी गई है। इस सूची में वे वाहन शामिल हैं, जिनके पांच या उससे अधिक चालान लंबित हैं और जुर्माना अब तक नहीं जमा किया गया है।
अब तक 1000 डीएल और 3,964 आरसी निरस्त
एडीजी ट्रैफिक के. सत्यनारायण के मुताबिक प्रदेश में पांच हजार करोड़ से अधिक चालान की राशि बकाया है। यह उन चालकों पर बकाया है, जिन्होंने ट्रैफिक नियमों की बार-बार अनदेखी की है। उन्होंने बताया कि अब तक 1,006 ड्राइविंग लाइसेंस और 3,964 आरसी को सस्पेंड या निरस्त किया जा चुका है।
उन्होंने यह भी कहा कि बहुत से लोग चालान भरने से इसलिए बचते हैं क्योंकि कोर्ट में मामला पहुंचने पर अक्सर जुर्माना कम हो जाता है। लेकिन अब ट्रैफिक विभाग ने सख्त कदम उठाने का मन बना लिया है।
इन जिलों में सबसे ज्यादा उल्लंघन और हादसे
यातायात निदेशालय ने ऐसे 20 जिलों की पहचान की है जहां सबसे अधिक नियमों का उल्लंघन और सड़क हादसे दर्ज हुए हैं।
इनमें लखनऊ सबसे ऊपर है, जहां साल 2024 में 1630 हादसों में 576 लोगों की मौत हुई और 1165 लोग घायल हुए।
अलीगढ़,गोरखपुर,मेरठ,बाराबंकी,कानपुर,मथुरा,शाहजहांपुर,नोएडा,प्रयागराज,हरदोई,कुशीनगर,लखीमपुर,खीरी,गाजियाबाद,बरेली,लखनऊ,सीतापुर,बुलंदशहर,उन्नाव,आजमगढ़,आगरा
लाइसेंस और आरसी ब्लैकलिस्ट होने के क्या होंगे परिणाम?
वाहन की आरसी ब्लैकलिस्ट होने पर उसकी रजिस्ट्रेशन वैध नहीं मानी जाएगी।
ऐसे वाहन सड़क पर चलाए जाने पर जब्त किए जा सकते हैं।
लाइसेंस रद्द होने के बाद चालक कानूनी रूप से वाहन नहीं चला सकेगा।
भविष्य में बीमा क्लेम, गाड़ी की बिक्री और ट्रांसफर जैसे कार्य भी प्रभावित होंगे।
परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस की अपील
यातायात विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे अपने लंबित चालान जल्द से जल्द जमा करें और नियमों का पालन करें। बार-बार नियम तोड़ने वालों को अब किसी तरह की राहत नहीं दी जाएगी।







Post a Comment