Top News

बरसी आफत, बाल-बाल बचे लोग... लेकिन अब तक नहीं टला खतरा

बरसी आफत, बाल-बाल बचे लोग... लेकिन अब तक नहीं टला खतरा

हाईटेंशन लाइन और मकान पर गिरा पेड़, दो दिन बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

तेज आंधी-बारिश से टला बड़ा हादसा, स्थानीयों ने विभागीय लापरवाही पर जताई नाराजगी

न्यूज एक्सपर्ट - सुशील शर्मा 

हापुड़ - शुक्रवार शाम आई तेज आंधी और बारिश से हापुड़ नगर की अपना घर कॉलोनी में एक बड़ा हादसा टल गया। यहां स्थित एनसीसी बटालियन के सामने चौधरी अमरजीत सिंह के मकान और 11000 वॉट की हाईटेंशन लाइन पर एक विशाल वृक्ष गिर गया। संयोगवश उस वक्त नीचे खड़े वाहन, बारिश में खेलते बच्चे और गुजरते राहगीर सुरक्षित बच गए, अन्यथा बड़ी अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता था।

स्थानीय निवासी चौ. अमरजीत सिंह ने बताया कि जैसे ही पेड़ गिरा, उन्होंने तुरंत बिजली विभाग और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी थी। बावजूद इसके, घटना के दो दिन बीत जाने के बाद भी अब तक कोई उचित कार्रवाई नहीं की गई है।

पेड़ बना खतरे की घंटी

पेड़ का आकार काफी बड़ा होने के कारण वह न सिर्फ हाईटेंशन तारों पर झूल रहा है, बल्कि मकान की छत पर भी टिक गया है। इस कारण मकान को भी क्षति पहुंचने की आशंका बनी हुई है। वहीं, तेज़ हवा या दोबारा बारिश आने पर यह पेड़ और अधिक खतरनाक हो सकता है।

वाहन हुए क्षतिग्रस्त, बाल-बाल बचे लोग

घटना के वक्त घर के बाहर खड़े वाहन आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं कुछ बच्चे बारिश में खेल रहे थे और कुछ राहगीर वहां से गुजर रहे थे, जो सौभाग्यवश सुरक्षित रहे। अमरजीत सिंह ने बताया कि वह स्वयं भी उस वक्त मौके पर मौजूद थे और हादसे से बाल-बाल बचे।

स्थानीयों ने जताई नाराजगी

इलाके के अन्य निवासियों ने विभागीय निष्क्रियता पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस तरह की गंभीर घटनाओं पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि समय रहते खतरे को टाला जाए, अन्यथा कोई भी अनहोनी हो सकती है।

प्रशासन से की त्वरित समाधान की मांग

चौ. अमरजीत सिंह सहित मोहल्ले के लोगों ने संबंधित विभागों और अधिकारियों से मांग की है कि इस पेड़ को तुरंत हटवाया जाए और हाईटेंशन लाइन की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की आपदाओं से निपटने के लिए एक त्वरित रिस्पॉन्स सिस्टम विकसित किया जाए।

Post a Comment

Previous Post Next Post