News Expert - Sushil Sharma
बाबूगढ़। रविवार की सुबह पुराने हाईवे पर उस समय बड़ा हादसा हो गया जब बाबूगढ़ कट के पास दो मोटरसाइकिलें आमने-सामने भिड़ गईं। हादसे में सेंचुरी फैक्ट्री में कार्यरत एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान दीपक शर्मा निवासी ग्राम उपैड़ा के रूप में हुई है। दीपक हापुड़ कोतवाली क्षेत्र स्थित सेंचुरी फैक्ट्री में काम करता था। रविवार को वह अपने खेतों के लिए दवा खरीदने बाबूगढ़ छावनी जा रहा था। तभी बाबूगढ़ कट पर सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी और घायल को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
दीपक के परिवार में पिता चंद्र किशोर शर्मा, मां सुनीता, भाई प्रिंस शर्मा और बहनें निक्की व प्रियंका हैं। दीपक ही घर का मुख्य सहारा था, उसकी असमय मौत से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस की कार्रवाई
थाना बाबूगढ़ प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिलहाल पुलिस दूसरे बाइक सवार की तलाश कर रही है और हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।







Post a Comment