Top News

संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत


News Expert - Sushil Sharma 

कपूरपुर। थाना क्षेत्र के गांव नारायणपुर बास्का में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने और गला दबाकर हत्या करने का आरोप ससुराल वालों पर लगाया है।

मृतका की पहचान तनु के रूप में हुई है, जिसकी शादी बीते साल 4 मई 2023 को राहुल निवासी नारायणपुर बास्का के साथ हुई थी। मायके पक्ष का कहना है कि विवाह के बाद से ही ससुरालजन दहेज की मांग को लेकर तनु को परेशान करने लगे थे।

बेटी के जन्म के बाद बढ़ा उत्पीड़न

तनु के पिता अमर सिंह के अनुसार, उनकी बेटी ने 13 अगस्त 2024 को एक बच्ची को जन्म दिया था। इसके बाद से ही दहेज उत्पीड़न और बढ़ गया। परिजन का आरोप है कि ससुराल पक्ष लगातार पांच लाख रुपये नकद और एक कार की मांग कर रहा था। मांग पूरी न होने पर तनु को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

गला दबाकर हत्या का आरोप

अमर सिंह ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि 24 अगस्त 2025 को तनु के पति राहुल, जेठ, जिठानी और सास ने मिलकर गला दबाकर उनकी बेटी की हत्या कर दी।

पुलिस ने दर्ज किया केस

थाना प्रभारी विनोद पांडेय ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पति समेत अन्य ससुरालजनों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है।

इस घटना के बाद मायके पक्ष में कोहराम मचा हुआ है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी गमगीन माहौल बना हुआ है।






Post a Comment

Previous Post Next Post