Top News

तेज रफ्तार कार ने मचाया तांडव, कुचेसर चौपला फ्लाईओवर के पास पलटी गाड़ी, चार घायल


News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़ - थाना बाबूगढ़ क्षेत्र अंतर्गत एनएच-09 पर बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कुचेसर चौपला फ्लाईओवर के पास सतगुरु ढाबे के सामने एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर ढाबे के बाहर खड़ी गाड़ियों में जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार कई बार पलटी खा गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

हादसे में कार सवार दो युवतियों समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान दिल्ली निवासी अरशान, अब्दुल, डिंपल और रेनू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सभी लोग नैनीताल के जिम कॉर्बेट पार्क से सैर कर लौट रहे थे और दिल्ली जा रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही बाबूगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कुछ को हायर सेंटर रेफर किया गया है।

बाल-बाल बचा राहगीर

हादसे के वक्त ढाबे के बाहर खड़ा एक व्यक्ति चंद कदमों से मौत के मुंह में जाने से बच गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह एक पल की दूरी ने उसकी जान बचा ली।

कोई तहरीर नहीं, पुलिस कर रही जांच

सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि हादसा तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोने के चलते हुआ। अभी तक इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है।







Post a Comment

Previous Post Next Post