News Expert - Sushil Sharma
हापुड़ - जमीन की खरीद-फरोख्त करने वालों के लिए अब जेब थोड़ी और ढीली करनी होगी। जनपद हापुड़ में आठ वर्षों के लंबे अंतराल के बाद सर्किल रेट में इजाफा कर दिया गया है। जिलाधिकारी की अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद यह संशोधित दरें आगामी 1 अगस्त से लागू होंगी। इस बदलाव से उप निबंधक कार्यालयों के राजस्व में लगभग 20 प्रतिशत तक की वृद्धि की संभावना जताई जा रही है।
मई में शुरू हुई थी संशोधन की प्रक्रिया
सर्किल दरों में बदलाव की प्रक्रिया मई माह से शुरू की गई थी। उप निबंधक कार्यालयों ने पुराने दरों की समीक्षा कर नई प्रस्तावित दरों की सूची सार्वजनिक की थी। इसके बाद 4 जून तक आम जनता से आपत्तियां आमंत्रित की गईं, जिनका निस्तारण जुलाई माह में पूरा किया गया। पहले 21 जुलाई से यह दरें लागू होनी थीं, लेकिन कुछ तकनीकी कारणों के चलते अब 1 अगस्त से प्रभाव में आएंगी।
धौलाना में सर्वाधिक 30% तक बढ़े रेट
अधिकारियों के अनुसार, धौलाना तहसील के ग्रामीण क्षेत्रों में सबसे अधिक 25 से 30 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि शहरी हिस्सों में 20 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। हापुड़ तहसील के शहरी इलाकों में औसतन 20 प्रतिशत और ग्रामीण क्षेत्रों में 10 से 15 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में 5 से 10 प्रतिशत तक ही दरें बढ़ाई गई हैं, जिससे वहां भूमि खरीददारी में तेजी आने की संभावना जताई जा रही है।
ब्रजघाट विकास को मिल सकती है रफ्तार
गढ़ क्षेत्र की दरों में मामूली बढ़ोत्तरी को देखते हुए ब्रजघाट में हरिद्वार मॉडल पर विकास कार्यों में तेजी की उम्मीद जताई जा रही है। इसके अलावा, बहादुरगढ़ में यूपीडा का औद्योगिक क्षेत्र और बाबूगढ़ क्षेत्र में एचपीडीए की आवासीय योजनाएं फिलहाल नई दरों के दायरे से बाहर रखी गई हैं।
मोहल्लावार दरें: जानिए आपके इलाके में कितना महंगा हुआ जमीन का सौदा
हापुड़ तहसील (प्रथम उप निबंधक कार्यालय)
(प्रति गज दरें, रुपये में)
मोहल्ला पूर्व दर नई दर
तारामिल ₹23,000 ₹27,600
अशोक कॉलोनी ₹24,000 ₹28,800
आनंद विहार ₹11,500 ₹14,000
कलक्टर गंज ₹20,000 ₹24,000
जवाहर गंज ₹12,500 ₹15,000
इंद्रलोक कॉलोनी ₹22,000 ₹26,400
किशनगंज ₹22,000 ₹26,400
खुर्जा पेंच ₹19,000 ₹22,800
भगवती गंज ₹22,000 ₹26,400
शिवपुरी ₹20,000 ₹24,000
गढ़मुक्तेश्वर उप निबंधक कार्यालय
मोहल्ला पूर्व दर नई दर
ब्रजघाट ₹8,400 ₹8,800
आलमगीरपुर ₹6,300 ₹6,600
अल्लाबख्शपुर ₹6,300 ₹6,600
बक्सर ₹5,000 ₹5,200
बागड़पुर ₹7,600 ₹8,000
यह दरें प्रति गज (₹/गज) में दर्शाई गई हैं।
नागरिक देख सकते हैं अपने इलाके की सूची
स्टांप एआईजी सुनील सिंह ने बताया कि जनपद में लंबे समय बाद दरों में बदलाव किया गया है, जिससे जमीन के बैनामे अब नई दरों पर ही किए जाएंगे। इच्छुक नागरिक उप निबंधक कार्यालय पहुंचकर अपने क्षेत्र की संशोधित सर्किल दरें देख सकते हैं।







Post a Comment