News Expert - Sushil Sharma
हापुड़ - हापुड़ जिले के थाना हापुड़ देहात क्षेत्र अंतर्गत गांव सीतादेई में एक युवक की ग्रामीणों द्वारा चोर समझकर की गई पिटाई का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है और जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, गांव में पिछले कुछ दिनों से रात के समय संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार उन्होंने देर रात अज्ञात ड्रोन या उड़ने वाली किसी वस्तु जैसी आकृतियां आकाश में देखी थीं, जिससे दहशत का माहौल बन गया था।
बुधवार को दिन में जब गांव के समीप एक अजनबी युवक घूमता नजर आया, तो ग्रामीणों को शक हुआ। कुछ युवकों ने उसे रोककर पूछताछ की, लेकिन युवक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इसी बीच वहां भीड़ जुट गई और देखते ही देखते लोगों ने युवक को घेर लिया।
भीड़ ने पहले युवक से कई सवाल पूछे और फिर अचानक हमला कर दिया। ग्रामीणों ने लाठी-डंडों और थप्पड़ों से युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। इस दौरान किसी ने मोबाइल से घटना का वीडियो बना लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराकर थाने ले आई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवक की शिनाख्त और उसके गांव में आने की वजह पता की जा रही है। फिलहाल उसे प्राथमिक उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।
सीओ सिटी जितेंद्र शर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो की गहनता से जांच की जा रही है। जो भी लोग कानून हाथ में लेते हुए नजर आएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, खुद कोई कदम न उठाएं।
पुलिस का यह भी कहना है कि मामले में किसी तरह की अफवाह या भ्रामक सूचना से बचा जाए। फिलहाल युवक का कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।






Post a Comment