News Expert - Sushil Sharma
हापुड़ - कोतवाली बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव उपेड़ा में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब घर में अकेली महिला को बंधक बनाकर बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। महिला के अनुसार बाइक सवार दो युवक घर में घुसे और तमंचा दिखाकर एक लाख दस हजार रुपये नकद तथा सोने के जेवर लेकर फरार हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
ऐसे दिया घटना को अंजाम
गांव उपेड़ा निवासी सुरेंद्र के दोनों बेटे भूषण व कपिल बुधवार को गांव स्थित इंडियन बैंक से ₹1.10 लाख रुपये निकालकर घर लाए थे। इसके कुछ देर बाद परिवार के सदस्य किसी कानूनी कार्य के सिलसिले में हापुड़ कचहरी चले गए, और घर पर सिर्फ भूषण की पत्नी शिवानी अकेली रह गई।
जानकारी के अनुसार इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक घर पर पहुंचे और खुद को किश्त वसूली कर्मचारी बताकर दरवाजा खुलवाया। जैसे ही दरवाजा खुला, दोनों युवक अंदर घुस आए और तमंचा दिखाकर महिला को धमकाते हुए कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद घर में रखी नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गए।
सीओ बोले– मामला संदिग्ध, सभी पहलुओं से हो रही जांच
घटना की सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। सीओ जितेंद्र शर्मा ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। जांच में यह भी सामने आया है कि पीड़ित परिवार पर कर्ज था और महिला स्वयं सहायता समूह भी चलाती है।
उन्होंने कहा कि पुलिस घटना के सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। तहरीर मिलने के बाद मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






Post a Comment