मुख्यमंत्री योगी के मेरठ दौरे में दिखा पुलिस का अनुशासन, डीआईजी कलानिधि नैथानी के प्रयासों की सीएम ने की सराहना
कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और सेवा का बेहतरीन उदाहरण बनी मेरठ पुलिस, मुख्यमंत्री ने पुष्पवर्षा कर जताया विश्वास
न्यूज एक्सपर्ट - सुशील शर्मा
मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आकस्मिक मेरठ दौरे के दौरान कांवड़ यात्रा को लेकर किए गए सुरक्षा इंतजाम और अनुशासित व्यवस्था की उन्होंने भूरी-भूरी प्रशंसा की। श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा और हवाई सर्वेक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी के नेतृत्व में की गई चाक-चौबंद व्यवस्था को देखकर संतोष जताया और समूची पुलिस टीम के प्रयासों को सराहा।
मुख्यमंत्री का यह दौरा बिना पूर्व सूचना के था, लेकिन इसके बावजूद डीआईजी नैथानी की रणनीतिक सूझबूझ, स्थानीय पुलिस की तत्परता और मल्टी-लेयर सुरक्षा व्यवस्था ने यह साबित कर दिया कि मेरठ परिक्षेत्र पुलिस किसी भी चुनौती के लिए हर वक्त तैयार है।
तीन दिन विशेष सतर्कता का निर्देश
मुख्यमंत्री के दौरे के पश्चात डीआईजी कलानिधि नैथानी ने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक ली और अल्प समय में उत्कृष्ट ड्यूटी संपादन करने पर उनकी सराहना की। उन्होंने निर्देश दिया कि अगले तीन दिन कांवड़ यात्रा के पीक समय को देखते हुए पूरी फोर्स अधिकतम सतर्कता बरते, और उच्च कोटि की कर्तव्य परायणता से ड्यूटी निभाई जाए।
नैथानी के नेतृत्व में सफल संचालन
डीआईजी नैथानी ने न केवल फील्ड में स्वयं मोर्चा संभाला, बल्कि कांवड़ मार्गों पर CCTV नेटवर्क, महिला सुरक्षा दस्तों की तैनाती, मेडिकल हेल्प डेस्क, ट्रैफिक डायवर्जन और हेल्पलाइन रिस्पॉन्स सिस्टम को स्वयं मॉनिटर किया। विभिन्न स्थानों पर उन्होंने खुद पहुंचकर फोर्स का मनोबल बढ़ाया और कांवड़ियों से संवाद कर उनकी सुविधा सुनिश्चित कराई।
श्रद्धालु बोले – 'इस बार सेवा भी और सुरक्षा भी'
कांवड़ मार्गों पर आने वाले श्रद्धालुओं और आमजन ने भी इस बार सुरक्षा व्यवस्था में अनुशासन और समर्पण का अनुभव साझा किया। कई श्रद्धालुओं ने कहा कि "इस बार सुरक्षा बल न केवल तैनात थे, बल्कि सेवा में भी तत्पर दिखे।"
कांवड़ यात्रा को सफल बनाना जन-भागीदारी और प्रशासन की मुस्तैदी का परिणाम – डीआईजी
डीआईजी नैथानी ने कहा कि कांवड़ यात्रा जैसे विशाल आयोजन को सफलतापूर्वक संचालित करने में जनसहयोग, पुलिस की तत्परता और प्रशासनिक समन्वय की बड़ी भूमिका होती है। "मुख्यमंत्री जी की सराहना हम सभी के लिए प्रेरणा है, उन्होंने कहा इसे बनाए रखना हमारी ज़िम्मेदारी है।







Post a Comment