एक माह में तहसील का बदला नक्शा, जनता कहने लगीं— अब सुनवाई भी हो रही, समाधान भी मिल रहा
न्यूज एक्सपर्ट - सुशील शर्मा
हापुड़ - जनपद हापुड़ की तहसील में बीते कुछ वर्षों से फरियादियों को फाइलों के निस्तारण के लिए महीनों तक चक्कर काटने पड़ते थे, लेकिन अब तस्वीर बदल रही है। 20 जून को तहसीलदार का कार्यभार संभालने वाली स्वाति गुप्ता ने एक महीने में अपने कार्यों से ऐसा भरोसा कायम किया है, जिसे लेकर अब फरियादी तहसील में न केवल उम्मीद लेकर आ रहे हैं, बल्कि संतोष के साथ लौट भी रहे हैं।
लंबित फाइलों पर चल रहा तेज़ी से काम
तहसील कार्यालय की न्यायिक कोर्ट में बीते वर्ष की 47 फाइलें बिना सुनवाई के लंबित थीं। तहसीलदार स्वाति गुप्ता ने कार्यभार संभालने के बाद 27 मामलों का निस्तारण एक महीने में ही कर दिया, जबकि शेष फाइलों पर सुनवाई जारी है। तहसील में अब सोमवार से शुक्रवार तक नियमित कोर्ट संचालन किया जा रहा है।
जनता के कार्यों में अब नहीं हो रही देरी
फरियादी बताते हैं कि पहले खतौनी में नाम चढ़वाना हो या अंश शुद्धि, महीनों लग जाते थे। अब स्वाति गुप्ता के आने के बाद 24 घंटे के भीतर निस्तारण किया जा रहा है।
माधोपुर के निवासी राज और बाला नाम की गलती को लेकर महीनों परेशान थे। मामला तहसीलदार तक पहुंचते ही सिर्फ एक दिन में नाम में सुधार कर फरियादी को राहत दी गई। दोनों ने तहसीलदार का आभार जताया और कहा कि यदि हर विभाग में ऐसे अधिकारी हों तो आम आदमी की आधी समस्याएं वैसे ही खत्म हो जाएं।
अवैध कब्जे पर भी हुई कार्रवाई
कार्यभार संभालने के दूसरे ही दिन गांव अच्छेजा में सरकारी भूमि पर 10 वर्षों से कब्जा किए बैठे व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कब्जा हटवाया गया। लेखपाल गंगा प्रसाद और कानूनगो जाहिद अली को मौके पर भेजकर तहसील प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दे दिया कि अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जनता में बना भरोसा, तहसील में दिखने लगा बदलाव
जनता का कहना है कि अब तहसील में बदलाव साफ दिख रहा है। पहले जो काम हफ्तों और महीनों तक लटके रहते थे, अब कुछ ही घंटों में निस्तारित हो रहे हैं। ऐसे में लोगों में प्रशासन के प्रति विश्वास भी बढ़ा है।
तहसीलदार स्वाति गुप्ता ने कहा "जनता को न्याय दिलाना मेरी प्राथमिकता है। शासन और जिलाधिकारी महोदय के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए हर लंबित प्रकरण का निस्तारण गुणवत्तापूर्वक किया जा रहा है।"







Post a Comment