Top News

बुजुर्ग से ' फर्जी भतीजे' ने की 20 हजार की ठगी, पैर छूकर जेब से उड़ाया पैसा

🗞 हापुड़ समाचार
🗓 बुधवार, 11 जून 2025
📍 संवाददाता – सुशील शर्मा 

बुजुर्ग से ' फर्जी भतीजे' ने की 20 हजार की ठगी, पैर छूकर जेब से उड़ाया पैसा

घटना सीसीटीवी में कैद, पुलिस जांच में जुटी

हापुड़ – शहर में ठगी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। जहां एक ओर ऑनलाइन फ्रॉड आम हो चुका है, वहीं अब ऑफलाइन लूट के तरीके भी चौंकाने वाले बनते जा रहे हैं। ऐसा ही एक अनोखा और चकित करने वाला मामला हापुड़-बुलंदशहर रोड स्थित एमएस गार्डन के पास सामने आया है, जहां एक बुजुर्ग व्यक्ति के साथ फिल्मी अंदाज़ में 20 हजार रुपये की ठगी की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक अज्ञात युवक बाइक से आया, बुजुर्ग को रास्ते में रोककर उनसे आत्मीयता से बातचीत शुरू की। पहले तो उसने बुजुर्ग के पैर छुए, हालचाल पूछा और ‘चाचा आप तो बहुत कमजोर हो गए हैं’ कहकर शरीर पर हाथ फेरना शुरू कर दिया। इसी बीच उसने बुजुर्ग की जेब में रखे पैसे का अंदाज़ा लगा लिया और बातों में उलझाकर 20 हजार रुपये पार कर दिए।


बुजुर्ग को तब तक किसी ठगी का अहसास नहीं हुआ। लेकिन जब वह घर पहुंचे और जेब में हाथ डाला तो उनके होश उड़ गए। उन्हें तभी यह याद आया कि रास्ते में एक युवक ने उन्हें झूठे रिश्ते में भतीजा बनकर बातों में उलझाया और इसी दौरान जेब साफ कर दी।

बुजुर्ग ने इस घटना की शिकायत जदीद चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार को दी, जिसमें 20 हजार रुपये की ठगी का जिक्र किया गया है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई, जिसमें आरोपी का चेहरा स्पष्ट दिखाई दे रहा है। पुलिस के अनुसार, जिस बाइक से आरोपी आया था उस पर रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं था, जिससे यह शक और भी गहराता है कि यह घटना एक पूर्व नियोजित ठगी हो सकती है।


पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।


🛑 सावधानी जरूरी:

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई अनजान व्यक्ति अत्यधिक आत्मीयता दिखाए और निजी संपर्क बनाने की कोशिश करे तो सतर्क रहें। ऐसी घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं।



Post a Comment

Previous Post Next Post