News Expert - Sushil Sharma
हापुड़ - कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला त्रिलोकीपुरम में 23 वर्षीय महिला पर तेजाब फेंकने की सूचना ने बुधवार देर रात से बृहस्पतिवार सुबह तक इलाके में सनसनी फैला दी। परिजनों ने आरोप लगाया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने सोते समय महिला पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर हमला किया, जिससे उसकी आंखों में सूजन और जलन हो गई। पीड़िता को पहले जिला अस्पताल और फिर मेरठ रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने बताया कि घटना सुबह करीब 4 बजे हुई, जबकि पुलिस को सूचना करीब 7 बजे दी गई। मेडिकल परीक्षण में शरीर पर ज्वलनशील पदार्थ के निशान नहीं मिले, केवल आंखों में हल्की सूजन पाई गई।
क्षेत्राधिकारी जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि अब तक की जांच में तेजाब फेंकने के आरोप की पुष्टि नहीं हुई है। जांच में यह तथ्य सामने आया है कि शिकायतकर्ता महिला और आरोपी युवक के बीच लंबे समय से किरायेदारी को लेकर विवाद चल रहा है। संभावना है कि इसी विवाद के चलते यह मामला सामने आया हो।
अधिकारियों का कहना है कि पुलिस इस प्रकरण की गहनता से जांच कर रही है और सभी तथ्यों को परखने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस घटना ने इलाके में तरह-तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया है।







Post a Comment