Top News

हापुड़ में महिला पर तेजाब फेंकने का आरोप, पुलिस को सच्चाई पर संदेह


News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़ - कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला त्रिलोकीपुरम में एक 23 वर्षीय महिला पर कथित रूप से ज्वलनशील पदार्थ फेंके जाने का मामला चर्चा में है। घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है। पीड़िता को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल से मेरठ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी है, हालांकि प्रारंभिक पड़ताल में आरोपों पर संदेह जताया गया है।

परिजनों के अनुसार, करिश्मा नाम की युवती अपनी बहन के साथ कमरे में सो रही थी। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति कमरे में घुसा और उसके ऊपर कथित रूप से एसिड फेंक दिया। परिजनों का दावा है कि इस हमले में करिश्मा की आंखों में जलन और सूजन आ गई। घटना के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत को देखते हुए मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया।


पुलिस का कहना है कि महिला की शादी कुछ समय पहले मेरठ के किठौर क्षेत्र के भिड़ौड़ा निवासी युवक से हुई थी, लेकिन वह इस समय मायके में रह रही है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।

क्षेत्राधिकारी जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर फिलहाल घटना में कोई ठोस प्रमाण सामने नहीं आए हैं। महिला की आंखों में सूजन है, लेकिन शरीर पर एसिड के निशान नहीं मिले हैं। उन्होंने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।






Post a Comment

Previous Post Next Post