Top News

नाले में युवक का शव मिलने से सनसनी, चार दिन से था लापता – सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल

🗞 हापुड़ समाचार
🗓 बुधवार, 11 जून 2025
📍 संवाददाता – सुशील शर्मा 

नाले में युवक का शव मिलने से सनसनी, चार दिन से था लापता – सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल

हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के तगासराय गूली में मंगलवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब स्थानीय लोगों ने एक युवक का शव नाले में पड़ा देखा। शव की हालत बेहद खराब थी और उससे उठती दुर्गंध से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया।

शव की शिनाख्त मोहल्ला तगासराय निवासी 28 वर्षीय वरुण शर्मा के रूप में हुई है, जो क्रॉकरी की दुकान पर काम करता था और शराब का आदी बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार वह पिछले चार दिनों से घर से लापता था और उसकी तलाश की जा रही थी।


नाले में शव और बदबू से मचा हड़कंप
स्थानीय लोगों ने बताया कि नाले से काफी तेज बदबू आ रही थी। जब कुछ युवकों ने झांक कर देखा तो अंदर शव नजर आया। इसके बाद पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया और लोग मौके पर जुट गए।

नगरपालिका की लापरवाही उजागर

इस घटना ने नगर पालिका की सफाई व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। नाले की समय पर सफाई नहीं होने और उसमें गंदगी जमा होने से ही शव चार दिनों तक किसी की नजर में नहीं आया। लोगों ने बताया कि कई बार नगरपालिका से नाले की सफाई की मांग की गई थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।


थाना प्रभारी ने दी जानकारी

थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। प्रथम दृष्टया किसी चोट के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल कारणों का पता चल पाएगा। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों में आक्रोश

घटना के बाद स्थानीय लोगों में नगरपालिका के खिलाफ नाराजगी है। लोगों का कहना है कि यदि नाले की नियमित सफाई होती, तो शव पहले ही मिल जाता और बदबू से मुहल्ले में बीमारी फैलने का खतरा भी नहीं होता।



Post a Comment

Previous Post Next Post