🗞 हापुड़ समाचार
🗓 बुधवार, 11 जून 2025
📍 संवाददाता – सुशील शर्मा
हापुड़। सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव ने अब लोगों के रिश्तों में भी सेंध लगानी शुरू कर दी है। हापुड़ में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम पर दो फॉलोअर्स कम होने पर पति-पत्नी के बीच ऐसा विवाद हुआ कि मामला महिला थाने तक जा पहुंचा।
घटना में ग्रेटर नोएडा निवासी एक युवक ने शिकायत दी कि उसकी पत्नी सोशल मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम पर बेहद एक्टिव रहती है। वह रोजाना दो रील बनाकर पोस्ट करती है, जिससे उसके फॉलोअर्स बढ़ें। लेकिन जब उसने पत्नी को घरेलू कार्य करने को कहा, तो रील नहीं बन पाई और उसके दो फॉलोअर्स कम हो गए। इसी बात पर पत्नी नाराज़ हो गई और मायके चली गई।
रसोई में भेजने से नहीं बना पाई पत्नी रील
पत्नी का आरोप है कि उसके पति ने उसे जानबूझकर रसोई के कामों में उलझा दिया, जिससे वह रील नहीं बना पाई। “दो फॉलोअर्स कम हो गए, मेरे लिए यह नुकसान है,” — ऐसा महिला ने पुलिस के सामने कहा। उसका कहना था कि वह एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बनना चाहती है और फॉलोअर्स का गिरना उसकी छवि पर असर डालता है।
पहले भी हो चुका है झगड़ा, दो बार हो चुका समझौता
पति ने बताया कि सोशल मीडिया की वजह से पहले भी कई बार झगड़े हो चुके हैं। दो बार समझौता कराया गया, लेकिन पत्नी अब फिर से नाराज़ होकर घर आने से मना कर रही थी।
चार घंटे तक महिला थाने में चला काउंसलिंग सेशन
पिलखुवा निवासी पत्नी और ग्रेटर नोएडा निवासी पति को महिला थाने बुलाया गया। थाना प्रभारी अरुणा राय ने करीब चार घंटे तक दोनों पक्षों की बात सुनी और समझाने की कोशिश की। उन्होंने महिला को परिवार की जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करते हुए सोशल मीडिया और निजी जीवन में संतुलन बनाए रखने की सलाह दी।
फिलहाल हुआ समझौता, लेकिन सवाल कायम
काफी समझाने-बुझाने के बाद आखिरकार दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। हालांकि यह मामला एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करता है कि सोशल मीडिया की चमक-दमक के बीच क्या हम अपने असली रिश्तों को भूलते जा रहे हैं?

Post a Comment