गढ़मुक्तेश्वर में पालतू कुत्ते के काटने से अधिवक्ता के भाई की मौत, रैबीज संक्रमण ने छीनी जिंदगी
नगर में बंदर और कुत्तों का बढ़ता आतंक, लोग डरे-सहमे, प्रशासन से की कार्रवाई की मांग
न्यूज एक्सपर्ट - सुशील शर्मा
गढ़मुक्तेश्वर - नगर के आदर्श नगर मोहल्ले में पालतू कुत्ते के काटने के बाद अधिवक्ता के भाई की रैबीज संक्रमण से मौत हो गई। परिजनों के अनुसार करीब दो सप्ताह पूर्व पालतू कुत्ते ने घर में ही कुलदीप कुमार (45) की उंगली में काट लिया था। शुरुआती लक्षण मामूली लगे, लेकिन धीरे-धीरे तबीयत बिगड़ती चली गई।
स्वजन उन्हें पास के निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने रैबीज के लक्षण बताते हुए उन्हें दिल्ली के लिए रेफर कर दिया। जांच के बाद दिल्ली के चिकित्सकों ने रैबीज की पुष्टि की और इलाज की जगह उन्हें घर पर ही आइसोलेशन की सलाह दे दी। संक्रमण काफी फैल चुका था, जिस कारण इलाज असर नहीं दिखा पाया और 18 जुलाई की रात कुलदीप ने घर पर ही अंतिम सांस ली।
पांच बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक कुलदीप पांच बच्चों के पिता थे। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है। घर के बाहर शोक संवेदनाएं व्यक्त करने वालों का तांता लगा है। पूरे मोहल्ले में गम का माहौल है।
पालतू जानवरों के टीकाकरण पर उठे सवाल
इस घटना के बाद लोगों में दहशत है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि पालतू जानवरों के टीकाकरण को अनिवार्य किया जाए और रैबीज को लेकर व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाया जाए।
रैबीज: समय पर इलाज है जीवन की गारंटी
चिकित्सकों के मुताबिक रैबीज एक घातक वायरल संक्रमण है, जो संक्रमित जानवर (कुत्ता, बंदर, बिल्ली आदि) के काटने से फैलता है। यह वायरस सीधा मस्तिष्क और स्नायु तंत्र को प्रभावित करता है। यदि समय पर वैक्सीनेशन न हो तो जान बचाना मुश्किल हो जाता है। बचाव के लिए जानवर के काटने के तुरंत बाद जख्म को साबुन-पानी से धोकर, नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर एंटी-रैबीज वैक्सीन लगवाना आवश्यक होता है।
नगर में बंदर और कुत्तों का कहर, लोग कर रहे प्रशासन से गुहार
नगर में बंदरों और आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मोहल्लों से लेकर मुख्य बाज़ार तक, इन जानवरों का खौफ साफ देखा जा सकता है। कई राहगीर इनके शिकार हो चुके हैं। स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।







Post a Comment