21 जुलाई से ज़मीन पर महंगाई का भूचाल
न्यूज एक्सपर्ट - सुशील शर्मा
हापुड़ - जिले में जमीन खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए जरूरी खबर है। सोमवार यानी 21 जुलाई से जनपद के तीनों तहसीलों में नई सर्किल दरें लागू हो जाएंगी। डीएम की ओर से शनिवार को इन संशोधित दरों को मंजूरी दे दी गई है। नई दरें शहरों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी लागू होंगी, जिससे रजिस्ट्री कराना पहले की तुलना में महंगा साबित होगा।
सबसे ज्यादा असर धौलाना तहसील में देखने को मिलेगा, जहां सर्किल रेट में 15 से 30 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है। हापुड़ तहसील में यह बढ़ोतरी 10 से 20 प्रतिशत और गढ़मुक्तेश्वर में पांच से 10 प्रतिशत के बीच की गई है।
धौलाना बना सबसे महंगा इलाका
गाजियाबाद से सटे धौलाना में जमीनों की मांग लगातार बढ़ती जा रही है। यही कारण है कि यहां शहरी क्षेत्र में सर्किल रेट 15 से 30 फीसदी और ग्रामीण क्षेत्र में 15 से 20 फीसदी तक बढ़ा दिए गए हैं। प्रशासन का मानना है कि गाजियाबाद से लगने के चलते यहां बाज़ार भाव में भी तेज़ी देखी जा रही है।
हापुड़ शहर और गांवों में भी दरें चढ़ीं
हापुड़ तहसील में शहर के अंदर सर्किल रेट में 10 से 20 प्रतिशत और शहर से सटे गांवों में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। ग्रामीण अंचल के गांवों में दरें 10 प्रतिशत तक बढ़ाई गई हैं।
गढ़मुक्तेश्वर के कई गांव बचे बढ़ोतरी से
गढ़ तहसील में अधिकांश इलाकों में 5 से 10 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है, लेकिन गंगा एक्सप्रेसवे के आसपास के लगभग 70 गांवों को इस बढ़ोतरी से बाहर रखा गया है। इन गांवों के सर्किल रेट पूर्ववत ही रहेंगे।
रेलवे रोड सबसे महंगा इलाका
जिले में अब भी सबसे अधिक महंगी जमीन रेलवे रोड पर ही मानी जा रही है। यहां प्लॉट का सर्किल रेट 65,000 से बढ़ाकर 74,700 रुपये प्रति वर्ग मीटर और दुकानों का 86,000 से 98,000 रुपये प्रति वर्ग मीटर कर दिया गया है। मकान और दुकान की कीमतों में इससे सीधा असर पड़ेगा।
प्रमुख रिहायशी इलाकों में नई दरें
इलाका पहले सर्किल रेट (₹/वर्ग मी.) नया सर्किल रेट (₹/वर्ग मी.)
श्रीनगर - पहले 20,000 अब 24,000
भगवती गंज - पहले 22,000 अब 26,400
शिवपुरी - पहले 20,000 अब 24,000
पटेल नगर - पहले 20,000 अब 24,000
आनंद विहार - पहले 11,500 अब 14,000
अच्छेजा - पहले 5,500 अब 6,300
फ्रीगंज रोड - पहले 53,000 अब 61,000
गढ़ रोड - पहले 20,000 अब 23,000
व्यवसायिक क्षेत्रों में नई दरें
इलाका पहले सर्किल रेट (₹/वर्ग मी.) नया सर्किल रेट (₹/वर्ग मी.)
अतरपुरा - पहले 86,000 अब 98,000
रेलवे रोड (प्लॉट) - पहले 86,000 अब 98,000
रेलवे रोड (दुकान) - पहले 71,000 अब 81,700
गढ़ रोड - पहले 32,000 अब 36,800
एआईजी स्टांप ने क्या कहा?
एआईजी स्टांप अरुण शर्मा ने बताया कि नई दरें तहसीलदार और राजस्व टीम द्वारा किए गए सर्वे के आधार पर प्रस्तावित की गई थीं। इन्हीं प्रस्तावों को बिना बदलाव के अंतिम रूप दिया गया है। सोमवार से जिलेभर में इन्हीं नई दरों के आधार पर जमीनों की रजिस्ट्री की जाएगी।








Post a Comment