News Expert - Sushil Sharma
हापुड़ - युवाओं में सोशल मीडिया की चमक-दमक और रील बनाने का जुनून कभी-कभी जानलेवा साबित हो सकता है। इसी तरह का मामला हापुड़ जनपद में सामने आया, जहां एक युवक ने चलती वैगन-आर कार का स्टेरिंग छोड़कर खिड़की पर खड़े होकर खतरनाक स्टंट किया। उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही यातायात पुलिस हरकत में आ गई।
₹36,000 का चालान
पुलिस ने वीडियो की जांच के बाद कार का नंबर ट्रेस किया और संबंधित वाहन स्वामी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने बताया कि वाहन मालिक के खिलाफ कुल ₹36,000 का चालान किया गया है। पुलिस का मानना है कि इस तरह के खतरनाक स्टंट न सिर्फ स्टंटबाज की, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान को भी खतरे में डाल सकते हैं।
पुलिस की अपील
हापुड़ पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जनपदवासियों से अपील की है कि सोशल मीडिया की सनक में ऐसे खतरनाक स्टंट न करें। पुलिस ने साफ कहा है कि ऐसे कृत्य विधि विरुद्ध हैं और पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई होगी।
नजीर बनेगा मामला
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई उन सभी युवाओं के लिए सबक बनेगी, जो स्टंट कर वाहनों की खिड़कियों पर लटककर वीडियो बनाते हैं। हापुड़ पुलिस ने चेतावनी दी है कि भविष्य में ऐसे मामलों में और भी सख़्ती बरती जाएगी।








Post a Comment