News Expert - Sushil Sharma
हापुड़ - लगातार हो रही बारिश ने जिले में मुसीबतें बढ़ा दी हैं। मंगलवार देर रात बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के बछलौता गांव में बड़ा हादसा हो गया। गांव निवासी राजपाल सिंह के घेर का लेंटर अचानक गिर गया। मलबे में दबकर तीन मवेशियों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
धमाके जैसी आवाज सुनकर मौके पर जुटे ग्रामीण
हादसा उस समय हुआ जब परिवार मकान के दूसरी ओर सो रहा था। लेंटर गिरने से तेज धमाके की आवाज आई, जिससे आसपास के लोग जाग गए। तुरंत मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर बाबूगढ़ पुलिस भी मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की मदद से राहत-बचाव कार्य शुरू कराया गया। काफी मशक्कत के बाद मलबे से मवेशियों को बाहर निकाला गया, जिसमें तीन की मौत हो चुकी थी।
बारिश बनी वजह
ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से लेंटर कमजोर हो गया था। इसी कारण अचानक यह हादसा हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि अगर परिवार उसी हिस्से में सो रहा होता, तो बड़ी जनहानि भी हो सकती थी।
प्रशासन ने दिलाया मदद का भरोसा
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम सदर ईला प्रकाश मौके पर पहुंचे। उन्होंने नुकसान का जायजा लिया और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। एसडीएम ने कहा कि मवेशियों की मौत से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। शासन को रिपोर्ट भेजकर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और मुआवजा दिलाया जाएगा।








Post a Comment