Top News

खिड़की उखाड़ी ताला तोड़ा - कारोबारी का घर बनाया निशाना, बेडरूम तक पहुंचे चोर


News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़ - पुलिस द्वारा जनपद में चोरी की वारदातों पर लंबे समय तक अंकुश लगाने के बाद एक बार फिर चोर सक्रिय हो गए हैं। मंगलवार की देर रात मेरठ रोड स्थित न्यू आलोक पॉश कॉलोनी में बेखौफ चोरों ने कारोबारी सुनील अग्रवाल के घर में घुसकर चोरी की कोशिश की। हालांकि चोरों के हाथ कोई बड़ी सफलता नहीं लगी, लेकिन जिस तरीके से उन्होंने घर में प्रवेश किया, उसने लोगों की नींद उड़ा दी।


लज्जापुरी के रास्ते से आए चोर

मामले की जांच में सामने आया है कि चोर सीधे मुख्य मार्ग से नहीं आए। वे लज्जापुरी की ओर से पीछे के रास्ते से कॉलोनी में दाखिल हुए। बताया गया कि चोर इनवाय सिनेमा के रास्ते से आए और पड़ोसी के घर की छत पर चढ़कर वहां लगी ममटी का दरवाजा रस्सी से बांध दिया, ताकि कोई ऊपर न आ सके। इसके बाद वे रस्सी के सहारे कारोबारी सुनील अग्रवाल के घर की छत पर पहुंचे।

दरवाजे और खिड़की तोड़कर दाखिल हुए घर में चोर

चोरों ने पहले ममटी के दरवाजे का ताला तोड़ा, फिर खिड़की पर लगी मजबूत लोहे की जाली उखाड़कर अंदर प्रवेश किया। दीवार पर चोरों के पैरों के निशान भी मिले हैं। बताया गया कि चोर पूरे घर में घूमे, लेकिन उन्हें कुछ भी हाथ नहीं लगा। आखिर में जब उन्होंने कारोबारी के बेडरूम का दरवाजा खोला और अंदर सोते हुए सुनील अग्रवाल को देखा, तो वे चुपचाप वापस लौट गए।


सुबह खुलासा होने पर उड़े होश

सुबह जब कारोबारी सुनील अग्रवाल छत पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि पानी की टंकी खुली हुई है और ममटी का दरवाजा टूटा पड़ा है। साथ ही खिड़की की लोहे की जाली भी टूटी हुई मिली। यह देख उनके होश उड़ गए। परिजनों और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी गई तो सभी हैरान रह गए। सुनील अग्रवाल का कहना है कि घर के पीछे खाली प्लॉट और नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है। संभावना है कि चोर वहीं से आए थे।

पुलिस हरकत में, जल्द होगा खुलासा

सूचना मिलते ही हापुड़ कोतवाल मुनीश प्रताप सिंह और साइलो चौकी प्रभारी आशीष रस्तोगी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने कारोबारी को आश्वासन दिया है कि चोरी की कोशिश करने वाले आरोपी जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे।


लोगों में दहशत, पुलिस पर निगाहें

इस वारदात के बाद कॉलोनीवासियों में दहशत का माहौल है। लोग कह रहे हैं कि जब पॉश कॉलोनी के बीचों-बीच इस तरह की वारदात हो सकती है, तो आम बस्तियों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। फिलहाल पुलिस ने गश्त तेज कर दी है और संदिग्धों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।







Post a Comment

Previous Post Next Post