न्यूज एक्सपर्ट - सुशील शर्मा
गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़) - प्रचलित कांवड़ यात्रा के सुगम व सुरक्षित संचालन तथा श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सोमवार को मेरठ मंडल के मंडलायुक्त हृषिकेश भास्कर यशोद और पुलिस उप महानिरीक्षक डीआईजी कलानिधि नैथानी ने मेरठ से लेकर ब्रजघाट तक कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने तीर्थ नगरी ब्रजघाट पहुंचकर गंगा घाट की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया और मौके पर तैनात पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
घाटों पर लगे पुलिस बल को किया ब्रीफ, गोताखोरों से ली फीडबैक
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त व डीआईजी ने फ्लड पीएसी व घाटों पर सुरक्षा में तैनात पुलिस बल को ब्रीफ किया। उन्होंने जलस्तर की स्थिति की जानकारी लेते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। घाटों पर तैनात महिला गोताखोरों से संवाद कर उनका फीडबैक लिया गया। कई लोगों की जान बचाने वाली गोताखोर टीम की कार्यशैली की सराहना करते हुए अधिकारियों ने उनका उत्साहवर्धन भी किया।
यातायात व सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
कांवड़ यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों ने पुलिस बल से जानकारी ली और मार्ग में संभावित एक्सीडेंट जोन पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा व समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।
स्थानीय प्रशासन के साथ की समीक्षा बैठक
इस दौरान जिलाधिकारी हापुड़ अभिषेक पांडे, पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानयंजय सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर, एसडीएम गढ़मुक्तेश्वर, क्षेत्राधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने संयुक्त रूप से घाट की साफ-सफाई, सुरक्षा, स्वास्थ्य, रुकने की सुविधा, जलपान, प्रकाश व्यवस्था तथा लाउडस्पीकर सिस्टम जैसी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
मंडलायुक्त व डीआईजी के निरीक्षण ने यह सुनिश्चित किया कि सावन की पवित्र कांवड़ यात्रा में कोई भी श्रद्धालु किसी असुविधा का सामना न करे। प्रशासनिक सतर्कता और समर्पण ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि उत्तर प्रदेश सरकार कांवरियों की आस्था के अनुरूप उन्हें हर संभव सुविधा प्रदान करने को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।







Post a Comment