News Expert - Sushil Sharma
हापुड़ - थाना सिम्भावली पुलिस ने हाईवे पर हुई कथित लूट की घटना का राजफाश कर बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 20 लाख रुपये कीमत के 111 पश्मीना शॉल, एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त अर्टिगा कार बरामद की है।
ऐसे रची गई थी ‘फर्जी लूट’ की साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्त साबिर अपने कारोबारी साथियों के साथ दिल्ली से बरेली शॉल लेकर जा रहा था। योजनाबद्ध तरीके से उसने अपने साथी शादाब के साथ मिलकर 25 अगस्त को थाना सिम्भावली क्षेत्र में खुद की ही लूट कराई और पुलिस को गुमराह करने के लिए फर्जी लूट की सूचना दी।
असल में, पूरा खेल अपने ही माल को ‘लूट दिखाकर’ छिपाने और फायदा उठाने का था।
फ्लाईओवर से हुई गिरफ्तारी
हापुड़ पुलिस के अपराध रोकथाम अभियान के तहत थाना सिम्भावली पुलिस ने जब जांच की तो सच्चाई सामने आ गई। पुलिस टीम ने बक्सर फ्लाईओवर के पास दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी का विवरण
111 पश्मीना शॉल (कीमत लगभग 20 लाख रुपये)
एक अवैध तमंचा (315 बोर) मय 2 जिंदा कारतूस
अर्टिगा कार (UP-25 DK-7314)
गिरफ्तार आरोपी
1. साबिर पुत्र मौ. आरिफ, निवासी मोहल्ला जगतपुर, थाना बारादरी, जनपद बरेली
2. शादाब पुत्र बाबू, निवासी मोहल्ला जगतपुरा, थाना बारादरी, जनपद बरेली
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी शादाब पहले से भी कई मामलों में वांछित है और उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम की बड़ी सफलता
इस कार्रवाई को थानाध्यक्ष सुमित तोमर, उपनिरीक्षक नितिन वर्मा और उनकी टीम ने अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और इस पूरे गैंग से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।








Post a Comment