News Expert - Sushil Sharma
हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव होशियारपुर गढ़ी में बुधवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां लगातार बारिश से जर्जर हो चुके एक कच्चे मकान की छत अचानक भरभरा कर गिर पड़ी। हादसे के वक्त मकान के भीतर कोई मौजूद न होने के कारण परिवार सुरक्षित बच गया, लेकिन घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
मकान शौकीन नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है, जो नौकरी के सिलसिले में हरियाणा में रहता है। घर पर उसके पिता शौकत अली, मां फय्याजी, पत्नी शना खातून और दो वर्षीय बेटा फराज रहते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से मकान जर्जर हालत में था, ऊपर से लगातार हो रही बारिश ने दीवारों और छत को और कमजोर कर दिया था।
जैसे ही छत गिरने की तेज आवाज आई, आसपास के लोग मौके पर दौड़े और परिवार को सुरक्षित बाहर निकालकर पड़ोसियों के यहां ठहराया। परिवारजन अपना सामान भी पास ही एक अन्य घर में ले गए हैं।
सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत न होने से सभी ने राहत की सांस ली। लेकिन मकान का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह ध्वस्त हो गया है।
गांववालों ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को तुरंत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते मदद न मिली तो परिवार के सामने सिर छुपाने तक की समस्या खड़ी हो जाएगी।








Post a Comment