Top News

किराया मांगने पर भड़का विवाद, मकान मालिक और किराएदार में जमकर चले लात-घूसे, वीडियो वायरल



News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़ - सिटी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मजीदपुरा में शुक्रवार शाम को दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लात-घूसे और लाठी-डंडे चलने लगे। इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को किसी तरह शांत कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मजीदपुरा निवासी मकान मालिक ने अपने किराएदार से कई महीनों का बकाया किराया मांगा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर किराएदार ने अपने परिचितों और कुछ बदमाश प्रवृत्ति के लोगों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में दोनों ओर से गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब एक दर्जन लोग लाठी-डंडे लेकर भिड़ गए और सड़क पर अफरातफरी मच गई। महिलाओं और बच्चों ने किसी तरह भागकर जान बचाई।

घटना का वीडियो किसी राहगीर ने मोबाइल में कैद कर लिया जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सूत्रों की माने तो वायरल वीडियो में एक पक्ष में शामिल व्यक्ति 15 हजार रुपये का इनामी बदमाश भी मौजूद था, जो पहले से ही कई आपराधिक मामलों में वांछित बताया जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि किराएदार ने इस बदमाश और उसके साथियों को “धौंस दिखाने” के लिए बुलाया था। कहा जा रहा है कि इन लोगों ने मकान मालिक के साथ मारपीट कर घर का सामान भी तोड़ दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है ताकि इसमें शामिल सभी लोगों की पहचान की जा सके। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया “दोनों पक्षों के बीच किराया भुगतान को लेकर विवाद हुआ था। वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

घटना के बाद पूरे मोहल्ले में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में कुछ असामाजिक तत्व सक्रिय हैं जो आए दिन विवाद पैदा करते हैं। निवासियों ने प्रशासन से इलाके में सख्त निगरानी और गश्त बढ़ाने की मांग की है।











Post a Comment

Previous Post Next Post