Top News

हापुड़ में टेस्ट ड्राइव के बहाने कार लूट ले गए बदमाश, जंगल में फेंका कारोबारी

News Expert - Sushil Sharma 

बाबूगढ़ (हापुड़) - कार किराए पर लेने के बहाने दिल्ली से आए एक युवक के साथ हापुड़ में लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के उपेड़ा गांव के पास दो शातिर बदमाशों ने टेस्ट ड्राइव का बहाना बनाकर कार रुकवाई और फिर तमंचे के बल पर कारोबारी को कार से बाहर फेंककर फरार हो गए। पीड़ित द्वारा सूचना देने पर पुलिस ने सक्रियता दिखाई और बदमाशों की तलाश के लिए आसपास के जंगलों में कांबिंग शुरू कर दी।

🔹 कार किराए पर देने पहुंचा था कारोबारी

जानकारी के अनुसार, दिल्ली के शाहदरा निवासी अभिषेक शर्मा कार रेंटल व्यवसाय से जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि 31 जुलाई की शाम उनके पास एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने एक माह के लिए कार किराए पर लेने की बात की और खुद को मेरठ-गढ़ मार्ग पर नदी पुल के पास बताया।

उसी वक्त अभिषेक देहरादून से लौट रहे थे और मेरठ के पास थे, इसलिए वे तुरंत बताए गए स्थान पर पहुंच गए।

🔹 जंगल की ओर मोड़ दी गाड़ी, दिखाया तमंचा

अभिषेक के अनुसार, वहां दो युवक मिले जिन्होंने कार की टेस्ट ड्राइव करने की बात कही। अभिषेक ने उन्हें कार में बैठा लिया। कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद उनमें से एक युवक ने ड्राइविंग सीट ले ली और गाड़ी को सुनसान रास्ते से जंगल की ओर मोड़ दिया।


जब अभिषेक ने आपत्ति जताई तो उन्होंने तमंचा दिखाकर धमकाया और बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के उपेड़ा गांव के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के निकट उन्हें कार से बाहर धक्का देकर नीचे फेंक दिया।

🔹 पुलिस ने शुरू की तलाश, जल्द होगा खुलासा

घटना की सूचना मिलते ही बाबूगढ़ पुलिस सक्रिय हो गई। सीओ जितेंद्र शर्मा ने बताया कि "तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जंगल क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया गया है और जल्द ही इस वारदात का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।"

पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच के साथ-साथ मोबाइल कॉल डिटेल्स भी खंगाल रही है।






Post a Comment

Previous Post Next Post