हापुड़/मेरठ। शनिवार को मेरठ परिक्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण व कानून-व्यवस्था की स्थिति को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे "ऑपरेशन शस्त्र" व "ऑपरेशन कन्विक्शन" के तहत पुलिस को बड़ी सफलताएं हाथ लगी हैं। क्षेत्र के विभिन्न जिलों की पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अवैध असलहे, मादक पदार्थ, चोरी का सामान और अन्य आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद करते हुए कई शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
"ऑपरेशन शस्त्र" में पुलिस की सख्ती, कई असलहे जब्त
मेरठ के थाना भावनपुर क्षेत्र में झगड़े की घटना में शामिल दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से एक तमंचा व कारतूस बरामद हुआ।
बागपत के कोतवाली क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक आरोपी के पास से अवैध असलहा बरामद किया गया।
हापुड़ जनपद के थाना गढ़मुक्तेश्वर व हाफिजपुर पुलिस ने दो अभियुक्तों को अवैध असलहे सहित दबोचा।
बागपत के थाना सिंघावली अहीर क्षेत्र में दो अभियुक्त गिरफ्तार किए गए जिनके पास से एक तमंचा, दो कारतूस, 2 किलो 150 ग्राम चरस और फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल बरामद हुई।
चोरी का पर्दाफाश और मादक पदार्थ तस्करों पर शिकंजा
सिंघावली अहीर पुलिस ने चोरी के मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया और उनके पास से दो चोरी के मोबाइल व एक स्प्लेंडर बाइक बरामद की।
हापुड़ नगर पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए चार अंतर्राज्यीय चोरों को गिरफ्तार किया। इनके पास से नकदी, सफेद धातु के आभूषण, चोरी के उपकरण, अवैध असलहा व घटना में प्रयुक्त कार बरामद हुई।
मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना पुलिस ने एक अभियुक्त को 1219 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया।
गैंगस्टर को हुई सजा – "ऑपरेशन कन्विक्शन" में बड़ी सफलता
ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत बागपत पुलिस और अभियोजन विभाग की प्रभावी पैरवी के चलते गैंगस्टर अधिनियम के आरोपी को दो वर्ष की सजा और ₹5000 जुर्माने से दंडित किया गया।
पुलिस का सख्त संदेश - अपराधियों को नहीं बख्शा जाएगा
इन तमाम कार्यवाहियों से साफ है कि मेरठ परिक्षेत्र पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह सजग और तत्पर है। क्षेत्रीय जनता में पुलिस की इन कार्रवाइयों से सुरक्षा की भावना सुदृढ़ हुई है।

Post a Comment