News Expert - Sushil Sharma
हापुड़। त्योहारों के मौसम में मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग ने जिले में बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग की टीम ने मिलावटखोरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान टीम ने तीन जगहों से खाद्य सामग्री के नमूने लिए और बड़ी मात्रा में सरसों का तेल जब्त किया।
एम/एस यूनिक फूड्स फर्म से सरसों का तेल व सेंधा नमक के नमूने लिए गए
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम कोटला मेवातियान स्थित एम/एस यूनिक फूड्स फर्म पर पहुंची। निरीक्षण के दौरान टीम ने सरसों के तेल और सेंधा नमक के नमूने लिए। जांच में अनियमितता की आशंका पर टीम ने 180 लीटर सरसों का तेल मौके से जब्त कर लिया, जिसकी कीमत करीब ₹32,400 बताई जा रही है। सहायक आयुक्त सुनील कुमार ने बताया कि सभी नमूने प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद गुणवत्ता की पुष्टि होगी। यदि नमूने मानक के अनुरूप नहीं पाए गए तो फर्म संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मोदीनगर रोड, पिलखुवा पर पनीर का नमूना भी लिया गया
इसी अभियान के तहत विभाग की टीम मोदीनगर रोड, पिलखुवा स्थित गुलजार अहमद निवासी ग्राम नाहली, गाजियाबाद के प्रतिष्ठान पर भी पहुंची। टीम ने यहां से पनीर का नमूना जांच के लिए लिया। अधिकारियों के अनुसार, यह नमूना भी शुद्धता और गुणवत्ता की जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है। सहायक आयुक्त सुनील कुमार ने कहा कि “त्योहारों में मिलावटी और नकली उत्पादों की बिक्री बढ़ जाती है। विभाग पूरी तरह सतर्क है और जो भी व्यापारी उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
गुरुवार को भी खाद्य विभाग की बड़ी छापेमारी, 40 लाख का एक्सपायरी अचार जब्त
इससे दो दिन पहले गुरुवार को भी खाद्य सुरक्षा विभाग ने पटना मोड़ स्थित नर्मदा फूड प्रोडक्ट फैक्ट्री पर बड़ी कार्रवाई की थी। टीम ने छापेमारी के दौरान लगभग 40 लाख रुपये मूल्य का एक्सपायरी अचार जब्त कर फैक्ट्री को सील कर दिया था। जांच में सामने आया कि फैक्ट्री पांच साल पुराना सड़ा-गला अचार दोबारा पैक करके विभिन्न बाजारों में बेच रही थी। मौके से करीब ढाई सौ ड्रम अचार बरामद किया गया, जिनमें से कई ड्रमों में सड़ा हुआ माल पाया गया। खाद्य सुरक्षा आयुक्त सुनील कुमार के निर्देश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज, खाद्य निरीक्षक आर.पी. गुप्ता, आर.पी. गंगवार और साहिस्ता की टीम ने यह कार्रवाई की। फैक्ट्री से लिए गए नमूने प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं और संचालक से पूछताछ जारी है।
त्योहारों पर बढ़ी सतर्कता
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि दीपावली के दौरान जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर अभियान और तेज किया जाएगा। सरसों के तेल, मिठाई, नमक, मसालों, दूध व दूध उत्पादों की विशेष जांच की जाएगी ताकि उपभोक्ताओं तक केवल शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री ही पहुंच सके।















Post a Comment