महिलाओं ने लगाए "बिजली विभाग हाय-हाय" के नारे, बच्चों की पढ़ाई और पानी के लिए तरस रहे लोग
News Expert - Sushil Sharma
हापुड़ - आवास विकास कॉलोनी मेरठ रोड स्थित एससी कार्यालय पर सोमवार को उस वक्त हंगामे के हालात बन गए जब बिजली कटौती से त्रस्त कॉलोनीवासियों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। गुस्साए लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए “बिजली विभाग हाय-हाय” और “लाइट दो-हक दो” के नारे लगाए। वहीं, मौके पर पहुंचे अवर अभियंता (जेई) कुशवाहा को प्रदर्शनकारी महिलाओं के गुस्से का शिकार होना पड़ा। नाराज महिलाओं ने जेई का हाथ पकड़कर शर्ट तक खींच दी। हालांकि, आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला।
गर्मी में बेहाल लोग, पानी के लिए मचा हाहाकार
प्रदर्शन कर रहे कॉलोनीवासियों ने बताया कि इलाके में 24 घंटे में महज 6-7 घंटे ही बिजली आ रही है और उसमें भी वोल्टेज इतना कम होता है कि पंखा तक ठीक से नहीं चलता। स्थिति यह है कि कई घरों में पानी की मोटर नहीं चल पा रही, जिसके चलते लोग पीने के पानी और नहाने के लिए तरस रहे हैं। गर्मी से बच्चे बीमार हो रहे हैं और स्कूल भी नहीं जा पा रहे।
सड़कों पर लटक रहे जानलेवा तार, कोई सुनवाई नहीं
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि सड़कों पर बिजली के तार झूल रहे हैं, जो किसी बड़ी दुर्घटना को न्योता दे रहे हैं। कई बार इस संबंध में बिजली विभाग को सूचित किया जा चुका है लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
पुराने मुद्दे आज भी ज्यों के त्यों
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि सर्वोदय कॉलोनी में बिजली आपूर्ति की समस्याएं नई नहीं हैं। बीते कई वर्षों से यहां गर्मियों में रोजाना बिजली गुल रहने और लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। कॉलोनीवासियों ने बताया कि उन्होंने कई बार अधिकारियों को शिकायत पत्र दिए हैं, यहां तक कि पिछले साल अधीक्षण अभियंता कार्यालय के सामने प्रदर्शन भी किया था, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
वैशाली कॉलोनी के फॉल्ट से भी प्रभावित होती है आपूर्ति
कॉलोनीवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि वैशाली कॉलोनी में होने वाले बिजली फॉल्ट का असर सीधे सर्वोदय कॉलोनी पर पड़ता है। जैसे ही वहां कोई फॉल्ट होता है, सर्वोदय कॉलोनी की लाइट भी तुरंत गुल हो जाती है। इससे दोनों कॉलोनियों की बिजली व्यवस्था अव्यवस्थित हो गई है।
बिजली विभाग का रवैया लापरवाह, जेई ने दिया आश्वासन
लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग के अधिकारी सुनवाई नहीं करते। कुछ कर्मचारी फोन तक नहीं उठाते और सिर्फ आश्वासन देकर पल्ला झाड़ लेते हैं। हालांकि, धरना स्थल पर पहुंचे जेई कुशवाहा ने कॉलोनीवासियों को उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। आश्वासन के बाद कॉलोनीवासियों ने धरना प्रदर्शन समाप्त किया।
कॉलोनीवासियों की मांगें
बिजली आपूर्ति में नियमितता लाई जाए, वोल्टेज स्थिर किया जाए, लटकते तारों को हटाया जाए, कॉलोनी को वैशाली कॉलोनी के फॉल्ट से अलग किया जाए, शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए


Post a Comment