94 जंक्शन पर होगा सुधार कार्य, स्कूलों में हेलमेट–सीटबेल्ट को लेकर चलेगा जागरूकता अभियान
News Expert - Sushil Sharma
हापुड़ - जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े तमाम बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई और अधिकारियों को समयबद्ध कार्यवाही के सख्त निर्देश दिए गए।
94 खतरनाक मोड़ चिन्हित, जल्द शुरू होगा सुधार कार्य
बैठक में बताया गया कि जनपद में 94 ऐसे टी वाई जंक्शन हैं, जो दुर्घटनाओं की दृष्टि से अति संवेदनशील हैं। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि इन सभी स्थानों पर सुधारात्मक कार्यवाही शीघ्र पूरी की जाए। इसके अलावा, 19 खड़े स्पीड ब्रेकरों को हटाने का निर्णय लिया गया है, जिन पर अगले 20 दिनों में कार्यवाही पूरी की जाएगी।
ब्लैक स्पॉट्स का दोबारा परीक्षण, सुरक्षा उपाय होंगे लागू
जनपद में पहले से चिह्नित ब्लैक स्पॉट्स पर हुई सुधारात्मक कार्यवाहियों की फिर से समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए मौजूदा उपायों की प्रभावशीलता की जांच बेहद जरूरी है। इसके साथ ही, अन्य संभावित दुर्घटना-प्रवण क्षेत्रों की भी पहचान कर आवश्यक सुधार कराए जाएं।
स्कूल वाहनों की होगी कड़ी जांच, फिटनेस के बिना नहीं चलेगा कोई वाहन
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी स्कूल वाहन निर्धारित मानकों के अनुरूप ही संचालित किए जाएं। फिटनेस समाप्त वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मौजूद स्कूल प्रबंधकों और ट्रांसपोर्ट इंचार्जों को सख्त निर्देश दिए गए कि कोई भी वाहन तब तक न चलाया जाए, जब तक वह पूरी तरह फिट और प्रमाणित न हो।
छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को किया जाएगा जागरूक
जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि विद्यालयों में आने वाले छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को सीटबेल्ट व हेलमेट के उपयोग के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि यह केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन सुरक्षा का विषय है।
विद्यालयों में चलेगा प्रवर्तन अभियान
परिवहन विभाग एवं ट्रैफिक पुलिस को निर्देशित किया गया कि विद्यालयों के बाहर हेलमेट व सीटबेल्ट नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमित प्रवर्तन अभियान चलाया जाए। यह भी तय किया गया कि ऐसे अभियानों से न केवल छात्र, बल्कि उनके परिवार भी सुरक्षित यात्रा के लिए प्रेरित होंगे।
बैठक में मौजूद रहे तमाम अधिकारी व स्कूल प्रतिनिधि
बैठक में अधिशासी अभियंता शैलेन्द्र सिंह, सीओ ट्रैफिक राहुल यादव, एआरटीओ रमेश कुमार चौबे, यातायात निरीक्षक छविराम, डॉ. श्वेता पूठिया (डीआईओएस), बेसिक शिक्षा अधिकारी रितु तोमर, एनएचएआई के वरिष्ठ अधिकारी, बस यूनियन प्रतिनिधि, विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य, प्रबंधक व ट्रांसपोर्ट इंचार्ज उपस्थित रहे।
अंत में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) रमेश कुमार चौबे ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए बैठक की समाप्ति की घोषणा की।



Post a Comment