News Expert - Sushil Sharma
पिलखुवा - हापुड़ जनपद के धौलाना और पिलखुवा क्षेत्रों में अफवाहों के चलते दो अलग-अलग घटनाओं में ग्रामीणों द्वारा संदिग्ध समझे गए लोगों के साथ मारपीट की गई। दोनों ही मामलों में पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप कर हालात पर काबू पाया।
शेखूपुर खिचरा में मंदबुद्धि युवती को चोर समझकर पीटा
धौलाना थाना क्षेत्र के गांव शेखूपुर खिचरा में रात के समय एक युवती संदिग्ध अवस्था में घूमती नजर आई। गांव में हाल के दिनों में चोरी की वारदातें बढ़ने के चलते ग्रामीण पहले से ही सतर्क थे।
ड्रोन कैमरों से निगरानी कर रहे ग्रामीणों ने जब युवती को इधर-उधर भटकते देखा तो उस पर शक गहरा गया। गांव की कुछ महिलाओं ने उसे पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी। युवती के स्पष्ट जवाब न दे पाने पर नाराज ग्रामीणों ने उसके साथ मारपीट कर दी।
बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को भीड़ से छुड़ाया। प्राथमिक जांच में सामने आया कि युवती मंदबुद्धि है और उसका चोरी की किसी घटना से कोई लेना-देना नहीं है। पुलिस ने युवती को सुरक्षित स्थान पर भिजवाया।
पिलखुवा में संदिग्ध बाइक सवार की पिटाई
वहीं दूसरी घटना पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सद्दीकपुरा की है। देर रात करीब दो बजे एक युवक बाइक पर घूमता मिला। क्षेत्रवासियों ने उसे संदिग्ध मानते हुए रोका और पूछताछ की।
बताया जा रहा है कि युवक पूछताछ के दौरान संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका, जिसके बाद भीड़ ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकालकर थाने ले गई। पुलिस युवक की पहचान और उसकी मौजूदगी के उद्देश्य की जांच कर रही है।
पुलिस की अपील - कानून हाथ में न लें
सीओ पिलखुवा अनीता चौहान ने दोनों मामलों को लेकर जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि कानून को अपने हाथ में लेना गलत है और इस तरह की घटनाओं से किसी निर्दोष को नुकसान पहुंच सकता है।
पुलिस ने दोनों ही मामलों में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और लोगों से संयम बरतने की अपील की है।







Post a Comment