News Expert - Sushil Sharma
गढ़मुक्तेश्वर। नगर के व्यस्त अंबेडकर चौराहे पर बुधवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि देखते-ही-देखते सड़क पर ही मारपीट शुरू हो गई। बीच बाजार में हुई इस झड़प से राहगीरों में भगदड़ मच गई, वहीं महिलाएं और बच्चे चीखते-चिल्लाते रहे मगर दोनों पक्षों ने मारपीट जारी रखी।
घटना के दौरान दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर लात-घूंसे और थप्पड़ बरसाते रहे। सड़क पर कुछ देर के लिए जाम लग गया, ऑटो और दोपहिया वाहन फंस गए, लेकिन किसी ने बीच-बचाव की हिम्मत नहीं की। चौराहे पर मौजूद लोगों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच गाड़ी टकराने को लेकर बहस हुई थी, जो अचानक हाथापाई में बदल गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बमुश्किल दोनों पक्षों को अलग कराया। पुलिस ने हंगामा कर रहे कुछ लोगों को हिरासत में लिया और ट्रैफिक को सुचारू कराया। करीब आधे घंटे तक चौराहे का यातायात ठप रहा।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि अंबेडकर चौराहे पर अक्सर छोटी बातों पर विवाद बढ़ जाता है। एक दुकानदार ने बताया “दोनों पक्ष अचानक भिड़ गए। महिलाएं और बच्चे डर कर रोते चिल्लाते रहे मगर दोनों पक्ष आपस में मारपीट करते रहे। काफी देर तक सड़कों पर अफरा-तफरी मची रही।
गढ़मुक्तेश्वर थाना प्रभारी ने बताया कि “दोनों पक्षों के बीच झगड़े की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया गया है। मामले की जांच की जा रही है, आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।” घटना के बाद से क्षेत्र में पुलिस ने माहौल शांत कराया, हालांकि पुलिस ने हालात पर काबू पा लिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस तरह की घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाई जाए ताकि बाजार आने-जाने वालों में भय न बने।














Post a Comment