News Expert - Sushil Sharma
हापुड़ - बरसात हो या गर्मी का मौसम, शहर की सबसे बड़ी समस्या लंबे समय से जलभराव बनी हुई है। निचले इलाकों में तो बिना बारिश के भी पानी भरा रहता है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ती है। अब इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए सरकार ने पहल की है। नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने हापुड़ नगर पालिका और नगर पंचायत बाबूगढ़ के लिए एक-एक करोड़ रुपये की विशेष धनराशि मंजूर की है।
जलनिकासी व्यवस्था में होगा सुधार
सरकारी बजट से दोनों क्षेत्रों में नालों और नालियों का निर्माण कराया जाएगा। इससे जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त होगी और लोगों को जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। नगर पालिका और नगर पंचायत प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि वे जल्द से जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी कराकर कार्य शुरू करें।
विधायक की पहल लाई रंग
शहर की इस गंभीर समस्या को लेकर सदर विधायक विजयपाल आढ़ती लगातार प्रयासरत थे। हाल ही में उन्होंने लखनऊ जाकर नगर विकास मंत्री एके शर्मा से मुलाकात की और हापुड़-बाबूगढ़ में जलभराव की स्थिति का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। उनकी पहल पर मंत्री ने तुरंत दोनों निकाय क्षेत्रों के लिए बजट की स्वीकृति दे दी।
राहत की उम्मीद से उत्साहित शहरवासी
स्थानीय निवासियों का कहना है कि वर्षों से जलभराव ने उनका जीना दूभर कर रखा था। बारिश के दौरान तो हालात और भी खराब हो जाते थे, घरों और गलियों में पानी भरने से आवागमन बाधित हो जाता था। अब सरकार से मिले बजट के बाद लोगों को राहत की उम्मीद बंधी है।
काम समय पर और गुणवत्तापूर्ण हो
हालांकि अब चुनौती प्रशासन के सामने है कि जल्द से जल्द योजनाओं को धरातल पर उतारे और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखे। शहरवासी चाहते हैं कि यह योजना कागज़ों तक सीमित न रह जाए, बल्कि ज़मीनी स्तर पर दिखाई भी दे।
हापुड़ और बाबूगढ़ में जलभराव की समस्या ने बरसों से लोगों को परेशान किया है। सरकार द्वारा स्वीकृत यह दो करोड़ रुपये न केवल राहत की किरण हैं, बल्कि उम्मीद भी जगाते हैं कि आने वाले दिनों में शहरवासियों को गंदगी और जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी।












Post a Comment