Top News

स्टंटबाजी का भुगतना पड़ा अंजाम


News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़ - हाईवे पर रफ्तार और स्टंट की खतरनाक बाजीगरी अब युवाओं को भारी पड़ने लगी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में बाइक सवार दो युवक चलती कार के आगे स्टंटबाजी करते नज़र आए। वीडियो जैसे ही पुलिस की नज़र में आया, हापुड़ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर स्टंटबाजों के मंसूबों पर पानी फेर दिया।


थाना हापुड़ नगर क्षेत्र के करीमपुरा निवासी फैसल पुत्र सरफराज को बाइक समेत हिरासत में लिया गया। पुलिस ने न केवल युवक पर निरोधात्मक कार्रवाई की, बल्कि उसकी बाइक पर ₹19,000 का चालान ठोंकते हुए बाइक को सीज भी कर दिया। पुलिस का साफ संदेश है कि सड़क पर किसी भी तरह की स्टंटबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

स्टंटबाजी: खतरा सिर्फ अपनी नहीं, दूसरों की जान पर भी

हाईवे पर लापरवाह स्टंटबाजी जहां युवाओं के लिए रोमांच बन जाती है, वहीं दूसरी ओर यह हादसों को न्योता देती है। कई बार इस तरह की हरकतें सड़क पर चल रहे निर्दोष लोगों की जान तक ले लेती हैं। हापुड़ पुलिस ने इसी खतरे को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई को अंजाम दिया है।


पुलिस की सख्त अपील

हापुड़ पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि इस तरह की हरकतें कानूनन अपराध हैं। बाइक या गाड़ी पर स्टंट करना न केवल आपके जीवन को खतरे में डालता है बल्कि राहगीरों की सुरक्षा भी जोखिम में डालता है। ऐसे कृत्य करने वालों पर पुलिस कड़ी कार्रवाई करती रहेगी।

हापुड़ पुलिस का यह कदम न केवल स्टंटबाजों के लिए चेतावनी है बल्कि उन तमाम युवाओं के लिए सबक भी है, जो हाईवे को रेसिंग ट्रैक समझने की भूल करते हैं।

सड़क पर स्टंटबाजी का रोमांच जेल, चालान और दुर्घटना में तब्दील हो सकता है। पुलिस की सख्ती का संदेश साफ है "सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।"











Post a Comment

Previous Post Next Post